बाजपुर में 34 लाख की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, 3 शातिर चोर गिरफ्तार; चोरी का पूरा माल बरामद

ऊधमसिंह नगर । बाजपुर में सुनार की दुकान में हुई करीब 34 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने शत-प्रतिशत खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 82.74 ग्राम सोने के आभूषण, 10.666 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 39,500 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार 9 जुलाई 2026 को ओम ज्वैलर्स के स्वामी ओमकार वर्मा ने कोतवाली बाजपुर में तहरीर देकर बताया था कि 8 जुलाई की रात अज्ञात चोर दुकान का शटर और ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, सीसीटीवी का एनवीआर और टीवी चोरी कर ले गए। मामले में FIR संख्या 230/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मैनुअल सर्विलांस, सुरागरसी और पतारसी के आधार पर जांच करते हुए 19/20 जुलाई की रात किशनपुर-मौलागढ़ बॉर्डर से तीनों आरोपियों को घटना में प्रयुक्त ऑटो सहित गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने दुकान के सीसीटीवी कैमरों के तार काटकर शटर का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजम, इस्लाम और करमरूद्दीन के रूप में हुई है। इनमें मुख्य आरोपी आजम के खिलाफ चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने चोरी का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 5,000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जनपद में चोरी, लूट और संगठित अपराध करने वालों के खिलाफ आधुनिक तकनीक और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

