पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज निर्माण में देरी पर डीएम सख्त, युद्धस्तर पर काम पूरा कर इसी सत्र से संचालन के दिए निर्देश

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज का विस्तृत निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और संचालन की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य अपेक्षित गति से न मिलने और विभिन्न कमियां पाए जाने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था सीएनडीएस (CNDS) के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्माण कार्यों में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शेष सभी निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही या अनावश्यक देरी के लिए संबंधित एजेंसी की जवाबदेही तय की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने शैक्षणिक ब्लॉक, प्रयोगशालाओं, प्रशासनिक भवन, छात्रावास, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, फर्नीचर, चिकित्सा उपकरणों तथा अन्य निर्माणाधीन परिसरों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रथम चरण के संचालन के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के मानकों के अनुरूप समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
प्रयोगशाला भवन में धीमी गति से चल रहे फिनिशिंग कार्यों पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने भवन की भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए संरचनात्मक सुधार और विस्तार की संभावनाओं का भी परीक्षण करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को मिशन मोड में कार्य करते हुए निर्माण, उपकरणों की स्थापना, मानव संसाधन, शैक्षणिक व्यवस्थाओं और अन्य तैयारियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही एनएमसी से अनुमति प्राप्त करने के लिए सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर समयबद्ध आवेदन प्रस्तुत करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने बेस चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मरीजों को बेहतर एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा चिकित्सा व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राजकीय मेडिकल कॉलेज का समयबद्ध निर्माण और संचालन पिथौरागढ़ के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी, जिससे सीमांत क्षेत्र के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. जीवन सिंह चुफाल, राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए.के. सिंह, संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
