₹8.64 करोड़ से बने ‘जल सृष्टि पार्क’ का मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण

₹8.64 करोड़ से बने ‘जल सृष्टि पार्क’ का मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मियांवाला, देहरादून में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा मुख्यमंत्री की घोषणा के अंतर्गत करीब ₹8 करोड़ 64 लाख की लागत से विकसित ‘जल सृष्टि पार्क’ का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को पार्क की सौगात मिलने पर बधाई देते हुए इसे स्वच्छ, स्वस्थ और हरित देहरादून की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जल सृष्टि पार्क’ प्राकृतिक सौंदर्य और आधुनिक सुविधाओं का सुंदर समन्वय है। पार्क में बच्चों से लेकर बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं तक सभी आयु वर्ग के लोगों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं विकसित की गई हैं। पार्क के निर्माण के दौरान यहां पहले से मौजूद पुराने तालाब को समाप्त करने के बजाय उसका पुनर्जीवन किया गया है। तालाब के मध्य सुंदर द्वीप विकसित किया गया है और लोगों के मनोरंजन के लिए पैडल बोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब रायपुर क्षेत्र के लोगों को देहरादून में ही प्राकृतिक वातावरण के साथ नैनीताल जैसा अनुभव मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जल और जंगल को जीवन एवं संस्कृति का अभिन्न हिस्सा माना गया है। पुराने तालाबों और जल स्रोतों का पुनर्जीवन केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि अपनी विरासत और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने का प्रयास भी है। सरकार विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ केवल कंक्रीट के ढांचे तैयार करना नहीं, बल्कि लोगों का जीवन सुगम बनाना, शहर को सुंदर रखना और पर्यावरण को सुरक्षित रखना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति मिल रही है। रायपुर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पार्क, सीवर और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। क्षेत्र में सड़कों के डामरीकरण, नवीनीकरण और चौड़ीकरण के साथ सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने के कार्य जारी हैं। पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए नलकूप और ऊंची पानी की टंकियां बनाई गई हैं, जबकि पुरानी पाइपलाइनों को बदलने और नई पेयजल लाइनें बिछाने का कार्य भी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि डिफेंस कॉलोनी, सिंयावाला और नेहरू कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में पार्कों के निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्य किए गए हैं। इसका उद्देश्य लोगों को आसपास ही स्वच्छ और हरित वातावरण उपलब्ध कराना है। आईटी पार्क से पॉलीटेक्निक होते हुए मंगलूवाला की ओर सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने के कार्य भी किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून के बढ़ते विस्तार और आबादी के साथ पेयजल की मांग भी बढ़ रही है। ऐसे में सौंग बांध जैसी महत्वपूर्ण परियोजना भविष्य में देहरादून की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान बाढ़ और जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए रायपुर क्षेत्र में नदियों और बरसाती नालों पर बाढ़ सुरक्षा एवं चैनलाइजेशन के कार्य भी किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल सृष्टि पार्क विकास की उस सोच का उदाहरण है, जिसमें पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों के स्वास्थ्य, मनोरंजन और प्रकृति से जुड़ाव का ध्यान रखा गया है। उन्होंने पार्क के निर्माण के लिए एमडीडीए के अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह पार्क रायपुर ही नहीं, बल्कि पूरे देहरादून के लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से पार्क को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पार्क का निर्माण कर सकती है और सुविधाएं उपलब्ध करा सकती है, लेकिन उसकी देखभाल और स्वच्छता बनाए रखना समाज की साझा जिम्मेदारी है। लोगों को पार्क को सरकारी संपत्ति न मानकर अपना पार्क समझना चाहिए। उन्होंने बच्चों और युवाओं से पार्क का अधिक से अधिक उपयोग करने तथा खेल, दौड़, योग और प्रकृति के बीच समय बिताने का आह्वान किया।

‘जल सृष्टि पार्क’ में सुबह-शाम भ्रमण और दौड़ने के लिए जॉगिंग ट्रैक, योग के लिए योगा डेक, बच्चों के लिए बाल उद्यान, फूलों एवं वनस्पतियों की जानकारी देने वाला शैक्षिक पुष्प उद्यान, आकर्षक भू-दृश्य सज्जा, हरित क्षेत्र और बैठने की सुविधाएं विकसित की गई हैं। तालाब के मध्य द्वीप और पैडल बोटिंग की सुविधा पार्क को विशेष आकर्षण प्रदान करती है। पुराने जल स्रोत के संरक्षण को आधुनिक शहरी सुविधाओं से जोड़कर विकसित किया गया यह पार्क पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, मनोरंजन और प्राकृतिक सौंदर्य का संगम है।

कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, महापौर सौरभ थपलियाल, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles