कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने हरिद्वार में की उच्चस्तरीय समीक्षा

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने हरिद्वार में की उच्चस्तरीय समीक्षा
Spread the love

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की प्रारंभिक तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। सीसीआर स्थित सभागार में आयोजित बैठक में कुंभ मेले की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन, संचार व्यवस्था, डिजिटल तकनीक के उपयोग तथा पुलिस बल की चरणबद्ध तैनाती सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला-2027 हरिद्वार ने अब तक की गई तैयारियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दी। इसके बाद अपर पुलिस महानिदेशक ने मेले की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था समेत विभिन्न तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से आवश्यक विचार-विमर्श करते हुए सभी व्यवस्थाओं को ठोस एवं प्रभावी कार्ययोजना के अनुरूप आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

डॉ. मुरुगेशन ने कहा कि कुंभ मेला विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन है। इसे निर्विघ्न एवं सकुशल संपन्न कराना तथा देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं के साथ त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना उत्तराखंड पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने जोन, सेक्टर एवं अन्य पुलिस व्यवस्थाओं के निर्धारण, आवश्यक पुलिस बल की उपलब्धता तथा चरणबद्ध तैनाती के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कुंभ मेला क्षेत्र में प्रभावी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों तथा सीमावर्ती जनपदों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

समीक्षा बैठक के बाद अपर पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों के साथ कुंभ मेला क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद वह एटीसी पहुंचे, जहां कुंभ मेला ड्यूटी के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवानों से रूबरू हुए। उन्होंने जवानों के प्रशिक्षण की प्रगति एवं तैयारियों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों और प्रशिक्षित स्टाफ के साथ आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा कर व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया।l

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. नीलेश आनंद भरणे, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक अभिसूचना मणीकांत मिश्रा, पुलिस अधीक्षक एटीएस सरिता डोभाल, पुलिस अधीक्षक यातायात हरिद्वार निशा यादव, पुलिस अधीक्षक जीआरपी अरुणा भारती सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles