हरिद्वार में नकली पनीर फैक्ट्री पर छापा, 50 किलो पनीर नष्ट; खाद्य सुरक्षा विभाग ने भेजे जांच के लिए नमूने

हरिद्वार में नकली पनीर फैक्ट्री पर छापा, 50 किलो पनीर नष्ट; खाद्य सुरक्षा विभाग ने भेजे जांच के लिए नमूने
Spread the love

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामपुर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कांगड़ी स्थित गुर्जर डेयरी पर छापेमारी कर संदिग्ध पनीर निर्माण का भंडाफोड़ किया।

थाना प्रभारी निरीक्षक नितेश शर्मा को मिली सूचना पर की गई कार्रवाई के दौरान डेयरी से बिक्री के लिए रखा लगभग 50 किलोग्राम पनीर बरामद किया गया। पूछताछ में डेयरी संचालक के भाई सराफत अली ने बताया कि पनीर बनाने में मिल्क पाउडर और फॉस्फेट का इस्तेमाल किया गया था। मौके से मिल्क पाउडर के करीब 50 खाली पैकेट भी बरामद कर जब्त किए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर और निर्माण में प्रयुक्त दूध के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिए हैं। नमूना लेने के बाद शेष लगभग 49 किलोग्राम पनीर को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर मौके पर ही नष्ट कराया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि डेयरी संचालक रिटेल व्यवसाय के लिए जारी खाद्य लाइसेंस पर ही दुग्ध उत्पादों का निर्माण कर रहा था। अनियमितताएं पाए जाने पर पनीर निर्माण इकाई के संचालक इमादत अली तथा उनके भाई सराफत अली को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नोटिस जारी किया गया।

संयुक्त कार्रवाई में श्यामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नितेश शर्मा, एसआई रविंद्र गौड़, कांस्टेबल मनमोहन सैनी, सुशील, खाद्य सुरक्षा विभाग के उपायुक्त (गढ़वाल मंडल) राजेंद्र सिंह रावत, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles