कनखल पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर ठग, मालिश के बहाने बुजुर्गों के सोने के कंगन उड़ाता था

कनखल पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर ठग, मालिश के बहाने बुजुर्गों के सोने के कंगन उड़ाता था
Spread the love

हरिद्वार। कनखल पुलिस ने मालिश के बहाने बुजुर्गों को अपना निशाना बनाकर उनके सोने के आभूषण चोरी करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और ऋषिकेश क्षेत्र में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है तथा सोने के कंगन, अंगूठी, चूड़ी और चेन चोरी के कई मामलों में पहले भी जेल जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को आर.के. मिशन रोड, कनखल निवासी नरेश अरोड़ा ने शिकायत दर्ज कराई कि एक व्यक्ति ने खुद को मालिश करने वाला बताकर उनके हाथ के दर्द का इलाज करने का दावा किया। मालिश के दौरान आरोपी ने उनके हाथ से सोने का कड़ा उतरवाया और बहते पानी से हाथ धोने के लिए भेज दिया। जैसे ही पीड़ित हाथ धोने गए, आरोपी सोने का कड़ा लेकर फरार हो गया।

शिकायत के आधार पर कोतवाली कनखल में मु.अ.सं. 246/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

28 जुलाई 2026 को पुलिस ने आरोपी हंश कुमार पुत्र कंवरभान, निवासी ग्राम उल्हेडा, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार को उल्हेडा गांव जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया लगभग ₹6 लाख मूल्य का सोने का कड़ा भी बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अकेले बुजुर्ग महिला और पुरुषों को निशाना बनाकर मालिश के बहाने उनके सोने के आभूषण उतरवाता था और मौका मिलते ही उन्हें लेकर फरार हो जाता था।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र शाह, कांस्टेबल उमेद सिंह एवं कांस्टेबल सतेन्द्र रावत शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles