राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ अभियान, छात्रों ने ली नशामुक्ति की शपथ

थत्यूड़। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य के संरक्षण एवं डॉ. उर्वशी पंवार के संयोजन में “विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम युवा एवं खेल मंत्रालय के माय भारत (MY Bharat) प्लेटफॉर्म के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखते हुए स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण करना है।
कार्यक्रम के तहत 31 जुलाई 2026 को महाविद्यालय में पोस्टर, स्लोगन तथा कविता एवं काव्य पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में शीतल ने प्रथम, काजल ने द्वितीय तथा अंजलि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्लोगन प्रतियोगिता में साक्षी, राधिका और सोनाक्षी क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं कविता एवं काव्य पाठ प्रतियोगिता में काजल नौटियाल, खुशबू पंवार और बिजोतमा ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा मादक पदार्थों के सेवन से होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक हानियों के प्रति जागरूक करना रहा।
1 अगस्त 2026 को महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशामुक्ति की शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशीले पदार्थों से दूर रहेंगे और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज की सामाजिक संरचना और आर्थिक स्थिति पर भी गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. अंचला नौटियाल, डॉ. शीला बिष्ट, डॉ. भारती नौटियाल, डॉ. चंदा नौटियाल थपलियाल, डॉ. बिट्टू सिंह, डॉ. कनुप्रिया, डॉ. अखिल गुप्ता, डॉ. कुंवर सिंह, राकेश पैन्यूली, दीपक, रुक्मणी, सतपाल, गोपाल, सुभाष, महावीर सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

