जनसुनवाई में डीएम अपूर्वा पाण्डे सख्त, विद्युत बिलों की विसंगतियां एक माह में दूर करने के निर्देश

जनसुनवाई में डीएम अपूर्वा पाण्डे सख्त, विद्युत बिलों की विसंगतियां एक माह में दूर करने के निर्देश
Spread the love

बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान पर विशेष जोर दिया गया। जनसुनवाई के दौरान सड़क, आधारभूत ढांचा, विद्युत, पेयजल और आपदा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित 26 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।

विद्युत बिलों में लगातार सामने आ रही विसंगतियों पर जिलाधिकारी ने यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता को कड़ी फटकार लगाते हुए एक माह के भीतर सभी बिजली बिलों की जांच कर त्रुटियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक या अतिरिक्त भुगतान करने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा। तय समय सीमा के बाद भी लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई में सभी जिला स्तरीय अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका प्रभावी समाधान करें।

बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं हेलो बागेश्वर पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों से जवाब-तलब करते हुए सीएम हेल्पलाइन पर शत-प्रतिशत कॉलिंग सुनिश्चित करने तथा सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles