आईजी एसटीएफ व डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर ने हरिद्वार में सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, भीड़ प्रबंधन और यातायात पर दिए सख्त निर्देश

आईजी एसटीएफ व डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर ने हरिद्वार में सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, भीड़ प्रबंधन और यातायात पर दिए सख्त निर्देश
Spread the love

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के सुचारु एवं सुरक्षित संचालन को लेकर पुलिस मुख्यालय से आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे एवं डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर धीरेंद्र सिंह गुंज्याल सोमवार को हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने एसएसपी हरिद्वार एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चंडी चौक, शंकराचार्य चौक, बैरागी कैंप पार्किंग, हरकी पैड़ी सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिवभक्तों को फल एवं अल्पाहार वितरित कर उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। इसके बाद मेला कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी के माध्यम से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक की सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी की गई।

इसके उपरांत सुपर जोनल एवं जोनल पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर वर्तमान व्यवस्थाओं का आकलन किया गया तथा आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रणनीति तैयार की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, छोटी से छोटी घटना का तत्काल मौके पर पहुंचकर समाधान किया जाए तथा सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि आवश्यकता वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में शिवभक्तों की संख्या और बढ़ेगी, इसलिए सभी विभागों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए हर चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना करना होगा।

बैठक के समापन पर आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे एवं डीआईजी धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाएं देने वाले पुलिसकर्मियों, अर्धसैनिक बल के जवानों तथा एसपीओ को “मैन ऑफ द डे” सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

देवभूमि खबर

Related articles