स्वतंत्रता दिवस पर DGP दीपम सेठ ने किया ध्वजारोहण, उत्कृष्ट पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर पुलिस मुख्यालय, उत्तराखंड देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने ध्वजारोहण किया और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने चयनित पुलिस कर्मियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ‘गोल्ड’, ‘सिल्वर’ एवं पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में डीजीपी दीपम सेठ ने प्रदेशवासियों और पुलिस परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों, वीर आजादी के नायकों और अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता-अखंडता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना सभी का दायित्व है और इस जिम्मेदारी के निर्वहन में पुलिसकर्मी सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे हैं।
डीजीपी ने उत्तराखंड पुलिस की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के रोड शो की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर केंद्रीय गृह मंत्री की उपस्थिति में आयोजित पांच दिवसीय न्याय संहिता प्रदर्शनी तक पुलिस ने अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन किया। चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर समन्वय के साथ संभालना भी पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराध प्रबंधन के क्षेत्र में ‘प्रगति’ समीक्षा बैठक में उत्तराखंड पुलिस का देश के Top 5 राज्यों में स्थान प्राप्त करना, पासपोर्ट सत्यापन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भारत सरकार से Institutional Performance Award for State Police मिलना तथा BRICS सम्मेलन में सिल्क्यारा टनल और धराली-हर्षिल रेस्क्यू मॉडल की सराहना प्रदेश पुलिस की कार्यकुशलता को दर्शाती है।
डीजीपी ने बताया कि पुलिस कर्मियों के कल्याण और प्रोत्साहन की दिशा में पिछले एक वर्ष में 950 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध पदोन्नति दी गई है। उन्होंने पुलिस कर्मियों को उत्तराखंड पुलिस की असली ताकत बताते हुए कहा कि बैरियर पर तैनात जवान, महिला पुलिसकर्मी, वाहन चालक, ट्रैफिक कर्मी, वायरलेस ऑपरेटर, साइबर विशेषज्ञ और फील्ड में कार्य करने वाला प्रत्येक पुलिसकर्मी पुलिस की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिसकर्मी इसी निष्ठा, साहस और कर्तव्यपरायणता के साथ उत्तराखंड की शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करते हुए प्रदेशवासियों की सेवा करते रहेंगे।
कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक एपी अंशुमान सहित पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
