स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर दून पुलिस अलर्ट, सीमाओं से लेकर होटल-रेलवे स्टेशन तक सघन चेकिंग

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पूरे जनपद में व्यापक सघन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जनपद की सीमाओं, आंतरिक मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल लगातार संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रहा है।
पुलिस द्वारा बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ कर उनकी सत्यापन संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं संदिग्ध रूप से घूमते पाए जाने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली जा रही है।
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को सकुशल संपन्न कराने के लिए रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, मुख्य बाजारों, मॉल, होटल, धर्मशालाओं, गेस्ट हाउस और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इन स्थानों पर डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते (BDS) के साथ आकस्मिक एवं सघन चेकिंग की जा रही है।
सुरक्षा के दृष्टिगत जनपद के नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस ने अर्द्धसैनिक बलों के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी किया। इस दौरान आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और आपसी सौहार्द के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों द्वारा महत्वपूर्ण संस्थानों और संवेदनशील स्थानों पर फोर्स के साथ लगातार चेकिंग की जा रही है। होटल, धर्मशाला और गेस्ट हाउस में ठहरे लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
दून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।

