परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री धामी ने फहराया तिरंगा, उत्तराखंड के विकास के लिए की 7 बड़ी घोषणाएं
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर 14 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने अमर शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर बलिदानियों को नमन करते हुए देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों और आंदोलनकारियों को भी श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने हाल की प्राकृतिक आपदाओं में प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है। राहत एवं बचाव कार्यों के साथ क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों, पेयजल और विद्युत लाइनों को जल्द दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2035 तक विकसित उत्तराखंड के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया है। सड़क, रेल और रोपवे कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे तथा विभिन्न रोपवे परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। जमरानी, लखवाड़, किशाऊ और सौंग बांध परियोजनाओं को भी गति दी जा रही है।
केदारनाथ-बदरीनाथ पुनर्निर्माण, केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, ऋषिकेश-हरिद्वार कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर और शीतकालीन यात्रा जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक पर्यटन के साथ उत्तराखंड अब वेलनेस, एडवेंचर, फिल्म शूटिंग और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी तेजी से उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने पर जोर दिया। स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए इन्क्यूबेशन सेंटरों के साथ 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, होम-स्टे और मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराने की बात कही।
‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ के तहत सरकारी विद्यालयों की कक्षा 11वीं और 12वीं के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग देने की जानकारी भी दी गई। प्रथम चरण में 10 हजार विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण और किसानों को 3 लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य की पहली विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति लागू की गई है और देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य का बजट एक लाख करोड़ रुपये को पार कर चुका है और पिछले पांच वर्षों में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने की 7 बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे,प्रदेश में प्रथम युवा आयोग की स्थापना की जाएगी,सीमावर्ती गांवों के युवाओं, भूतपूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार एवं उद्यम के लिए अतिरिक्त सहायता दी जाएगी,वर्ग-3 और वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे,प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा,18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू होगी। आईआईटी और आईआईएम के सहयोग से निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी, प्रदेश के बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए इसी वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों का विश्वास सरकार के लिए राजनीतिक समर्थन से बढ़कर जिम्मेदारी है। सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां विकास के साथ विरासत, रोजगार के साथ पलायन का समाधान और आधुनिकता के साथ संस्कृति एवं पहचान की मजबूती सुनिश्चित हो।
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मेयर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ सहित शासन-प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
