मालरोड निर्माण में देरी से भड़का व्यापारियों का आक्रोश, धरने पर बैठे पुनीत टंडन

रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल की मालरोड के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर व्यापारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। निर्माण कार्य समय पर पूरा न होने से नाराज मां नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं व्यापारी नेता पुनीत टंडन मालरोड पर धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जब तक क्षतिग्रस्त मालरोड का निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं किया जाता, उनका धरना जारी रहेगा।
बताया गया कि आपदा के दौरान नैनीताल की मालरोड का एक हिस्सा धंसकर झील में समा गया था। यह मार्ग शहर की आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। प्रशासन को क्षतिग्रस्त सड़क की स्थिति की जानकारी होने के बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित तेजी नहीं आने से व्यापारियों में नाराजगी है।
व्यापारी नेता पुनीत टंडन का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पत्र लिखकर मालरोड के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा मार्ग को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने 15 अगस्त से धरने पर बैठने का ऐलान किया और मालरोड पर धरना शुरू कर दिया।
धरने के दौरान पुनीत टंडन ने कहा कि मालरोड नैनीताल की जीवनरेखा है। इसके क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय व्यापारियों, नागरिकों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में निर्माण कार्य को अनिश्चितकाल तक लंबित रखना उचित नहीं है।
धरना शुरू होने के बाद क्षेत्रवासियों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, नगर पालिका अध्यक्ष, सभासदों और बुद्धिजीवी वर्ग ने भी व्यापारी नेता को समर्थन दिया है। इधर, नैनीताल में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में नेटवर्क व्यवस्था प्रभावित होने के बावजूद पुनीत टंडन धरने पर डटे हुए हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर व्यापारी नेता से वार्ता की और उनकी मांगों को सुना, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया। पुनीत टंडन अपनी मांग पर अडिग हैं और मालरोड निर्माण कार्य शुरू होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।
