भागवत कथा में महिलाओं को निशाना बनाने वाला पंजाब का अंतरराज्यीय समाना गैंग गिरफ्तार

भागवत कथा में महिलाओं को निशाना बनाने वाला पंजाब का अंतरराज्यीय समाना गैंग गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। भागवत कथा और धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र चोरी करने वाले पंजाब के अंतरराज्यीय समाना गैंग का दून पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो महिलाओं समेत चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई तीन पीली धातु की चेन, 10 हजार रुपये नकद, चेन काटने वाला कटर और वारदात में प्रयुक्त होंडा सिटी कार बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को पटेलनगर क्षेत्र के जीएमएस रोड स्थित एक होटल में आयोजित भागवत कथा के दौरान चार महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र चोरी किए गए थे। पीड़ित महिलाओं की तहरीर पर कोतवाली पटेलनगर में चोरी के तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए।

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाली और पीड़ित महिलाओं तथा मौके पर मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों का हुलिया जुटाया। पूर्व में इस प्रकार की घटनाओं में सामने आए आरोपियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई गई।

जांच के दौरान पुलिस को वारदात में पंजाब के पटियाला क्षेत्र के चर्चित चैन चोर गिरोह के शामिल होने की जानकारी मिली। पुलिस ने गिरोह के संबंध में गोपनीय तरीके से जानकारी जुटाते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

19 अगस्त 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य दोबारा देहरादून पहुंचकर किसी अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने हरिद्वार बाईपास रोड पर सघन चेकिंग अभियान चलाया और दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की गई चेन बरामद हुईं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मूल रूप से पंजाब के पटियाला जिले के समाना गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में पटियाला के आसपास अलग-अलग स्थानों पर रह रहे हैं। गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया और यू-ट्यूब के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होने वाली भागवत कथाओं की जानकारी जुटाते थे।

आयोजन की जानकारी मिलने के बाद गिरोह के सदस्य, जिनमें अधिकतर महिलाएं होती थीं, वहां पहुंचकर भजन-कीर्तन में शामिल हो जाते थे। इसी दौरान गिरोह की महिलाएं मौका देखकर श्रद्धालु महिलाओं के गले से चेन काट लेती थीं। वहीं गिरोह के अन्य सदस्य आयोजन स्थल के बाहर वाहन में उनका इंतजार करते थे। वारदात के बाद सभी आरोपी वाहन से मौके से फरार हो जाते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

  1. अजय सिंह (26 वर्ष) — पुत्र जगत सिंह, निवासी ग्राम समाना, थाना सदर समाना, पटियाला, पंजाब। वर्तमान पता: 06 नंबर गली, चावड़ा बाजार, पटियाला।
  2. गुरुप्रीत सिंह (28 वर्ष) — पुत्र पप्पू सिंह, निवासी 16 एकड़ बरनाला, जिला बरनाला, पंजाब।
  3. हरजिन्दर कौर उर्फ रानी (40 वर्ष) — पत्नी काका, निवासी ग्राम लगडोई, थाना सदर पटियाला, पंजाब।
  4. पूजा कौर उर्फ लाडी (48 वर्ष) — पत्नी जगत सिंह, निवासी ग्राम समाना, थाना सदर समाना, जिला पटियाला, पंजाब। वर्तमान पता: 06 नंबर गली, चावड़ा बाजार, पटियाला।

पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी पता लगा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह गुंसाई, उपनिरीक्षक प्रवीण सिंह पुंडीर, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह नेगी, उपनिरीक्षक बलवीर सिंह रावत, अपर उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह राणा समेत पटेलनगर पुलिस और SOG देहरादून के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles