कार पार्किंग को लेकर विवाद में सरेराह मारपीट, दून पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा

देहरादून। थाना बसंत विहार क्षेत्र में कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद कार सवार व्यक्ति से सरेराह मारपीट करने और उसकी कार को क्षतिग्रस्त करने के मामले में दून पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहनों को भी सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को नवीन भाटिया पुत्र सुरेंद्र पाल सिंह, निवासी कैलाशपुरी, बल्लूपुर रोड, देहरादून ने थाना बसंत विहार में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि कार पार्किंग को लेकर उनकी साहिल पुत्र चमन, निवासी तरकीमपुर रूपचंद, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश के साथ कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद साहिल अपने अन्य साथियों के साथ भारत पेट्रोल पंप, चकराता रोड पर पहुंचा और उनके साथ मारपीट करते हुए उनकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बसंत विहार पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल भारत पेट्रोल पंप तथा आसपास आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 अगस्त 2026 को घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहनों को भी सीज कर दिया है।
गिरफ्तार अभियुक्तगण: मोन्टू सोनकर (24 वर्ष), सोहेल सोनकर (19 वर्ष), कुणाल सोनकर (21 वर्ष) एवं साहिल (22 वर्ष), सभी को थाना बसंत विहार पुलिस ने गिरफ्तार किया।
