भारी बारिश के अलर्ट के चलते देहरादून में 31 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

देहरादून। जनपद देहरादून में लगातार हो रही वर्षा तथा भारत मौसम विज्ञान विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मौसम पूर्वानुमान के मद्देनजर जिला प्रशासन ने 31 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिला प्रशासन के अनुसार अगले 24 घंटों में देहरादून जनपद के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली तथा वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है। मौसम की स्थिति को देखते हुए जनपद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
आपदा न्यूनीकरण एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 31 अगस्त को जनपद के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी स्कूल बंद रहेंगे। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए आमजन से भी सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
