24.30 लाख मतदाताओं को जारी हुए थे नोटिस, 23 लाख की हो चुकी सुनवाई; 1.10 लाख को दोबारा मिला सुनवाई का अवसर

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के लंबित मामलों का आगामी एक सप्ताह के भीतर नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में सभी जिलाधिकारियों ने दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण को लेकर अब तक की गई कार्रवाई तथा शेष मामलों पर सुनवाई की स्थिति का जिलेवार विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों से फार्म-6, 7 और 8 के निस्तारण की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल 71 लाख 33 हजार मतदाताओं के सापेक्ष अनमैप्ड एवं अन्य विसंगतियों से संबंधित कुल 24 लाख 30 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से अब तक 23 लाख मतदाताओं की सुनवाई पूरी की जा चुकी है।
वहीं, करीब 1 लाख 10 हजार मतदाता ऐसे हैं जो विभिन्न कारणों से सुनवाई के लिए उपस्थित नहीं हो सके। ऐसे सभी मतदाताओं को पुनः सुनवाई का अवसर प्रदान किया गया है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी दावे एवं आपत्तियों की समयबद्ध और नियमानुसार सुनवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है, इसलिए प्रत्येक पात्र मतदाता को पर्याप्त अवसर दिया जाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
