उत्तराखण्ड के युवाओं को वैश्विक रोजगार से जोड़ने की तैयारी, सीएम धामी ने भारतीय मिशनों से समन्वय के दिए निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम एवं जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने भेंट की। इस दौरान संबंधित देशों में रोजगार की संभावनाओं, कुशल मानव संसाधन की मांग तथा उत्तराखण्ड के युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन देशों में कुशल मानव संसाधन की अधिक आवश्यकता है और रोजगार की बेहतर संभावनाएं मौजूद हैं, वहां के अवसरों की जानकारी प्राप्त करने के लिए संबंधित भारतीय मिशनों के साथ नियमित समन्वय रखा जाए। उन्होंने कहा कि विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और वहां की जरूरतों के अनुरूप प्रदेश के युवाओं को कौशल के साथ आवश्यक विदेशी भाषा का प्रशिक्षण भी दिया जाए, ताकि वे वैश्विक स्तर पर बेहतर रोजगार हासिल कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ने होम स्टे के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। विभिन्न देशों से आने वाले प्रतिनिधिमंडलों को राज्य के होम स्टे मॉडल से परिचित कराने के लिए उन्हें होम स्टे का भ्रमण कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि फार्मा, उद्योग, आयुर्वेद और वेलनेस जैसे क्षेत्रों में उत्तराखण्ड में अपार संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों की विशेषताओं और संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि उन्हें वैश्विक मांग के अनुरूप कौशल और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न देशों में कुशल मानव संसाधन की मांग और रोजगार की संभावनाओं का आकलन कर युवाओं के प्रशिक्षण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने बताया कि जाम्बिया में कुशल मानव संसाधन की व्यापक आवश्यकता है। शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में उत्तराखण्ड के युवाओं के लिए कई अवसर उपलब्ध हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जाम्बिया में जिन क्षेत्रों में कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता है, उनकी विस्तृत जानकारी राज्य सरकार को उपलब्ध कराई जाएगी।
जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी ने बताया कि वहां पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा और कृषि के क्षेत्र में रोजगार की अच्छी संभावनाएं हैं। विशेष रूप से नर्सिंग के क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की मांग है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों की जरूरत के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सकता है।
इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम ने बताया कि इथियोपिया में प्रबंधन और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में कार्य करने की व्यापक संभावनाएं हैं। इसके साथ ही फार्मास्युटिकल और फ्लोरीकल्चर के क्षेत्र में भी बेहतर अवसर उपलब्ध हैं।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु एवं सचिव विनय शंकर पांडेय भी उपस्थित रहे।
