देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत नैनबाग महाविद्यालय में छात्रों को स्वरोजगार के लिए किया जागरूक

नैनबाग । राजकीय महाविद्यालय नैनबाग में बुधवार को देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत छात्रों के लिए एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. मुकेश कुमार एवं देवभूमि उद्यमिता योजना के प्रोजेक्ट ऑफिसर दिग्विज सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ उद्यमिता एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई। छात्रों को बताया गया कि सरकार की ओर से अपना रोजगार शुरू करने के इच्छुक युवाओं को विभिन्न माध्यमों से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वरोजगार के लिए उपलब्ध अवसरों और उद्यम शुरू करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन देवभूमि उद्यमिता योजना के नोडल अधिकारी डॉ. धनंजय शर्मा ने किया। प्राचार्य प्रो. मुकेश कुमार ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में स्वरोजगार एक बेहतर विकल्प है। युवाओं को अपनी क्षमता और रुचि के अनुरूप उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. बृज कुमार, डॉ. दुर्गेश कुमारी, डॉ. अमित कुमार गुप्ता, डॉ. दिनेश चन्द्र, श्रीमती रेशमा बिष्ट, दिनेश पंवार, सुशील कुकरेती, श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, भूवन डिमरी, विकेश, रोशन रावत, अनील नेगी, रीना एवं मोहनलाल सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
