स्वास्थ्य महानिदेशालय में लंबित प्रकरणों पर डीजी सख्त, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी

देहरादून। महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. सुनीता टम्टा की अध्यक्षता में शनिवार को स्वास्थ्य महानिदेशालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महानिदेशालय के विभिन्न अनुभागों में संचालित कार्यों और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कार्यप्रणाली में सुधार, पारदर्शिता और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए।
महानिदेशक ने स्पष्ट कहा कि कार्यालय में प्राप्त किसी भी पत्रावली अथवा प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। प्रत्येक मामले का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कार्य में अनावश्यक देरी अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अनुभाग प्रभारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी और विलंब के कारणों का जवाबदेह अधिकारी से स्पष्टीकरण लिया जाएगा।
उन्होंने संयुक्त निदेशक और सहायक निदेशक स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने अनुभागों के कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा लंबित मामलों की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सूचना का अधिकार (RTI) अनुभाग के कार्यों की भी विशेष समीक्षा की गई। महानिदेशक ने निर्देश दिए कि RTI से संबंधित सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए, ताकि आवेदकों और अपीलकर्ताओं को समय पर वांछित सूचना उपलब्ध कराई जा सके।
डॉ. सुनीता टम्टा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित कार्यालय समय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनधिकृत अनुपस्थिति अथवा कार्यालय पहुंचने में अनावश्यक देरी को गंभीरता से लिया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रभावी एवं उत्तरदायी कार्यालय व्यवस्था के लिए समयपालन, अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी हैं। जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
महानिदेशक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभागीय कार्यों का निष्ठा, गंभीरता और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
बैठक में स्वास्थ्य महानिदेशालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
