HTML tutorial
HTML tutorial

जसपुर में वन्यजीवों के अंगों की तस्करी का खुलासा, 114 जोड़े हत्था जोड़ी समेत प्रतिबंधित सामग्री बरामद

जसपुर में वन्यजीवों के अंगों की तस्करी का खुलासा, 114 जोड़े हत्था जोड़ी समेत प्रतिबंधित सामग्री बरामद
Spread the love

उधमसिंह नगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत जसपुर पुलिस और एसओजी काशीपुर की संयुक्त टीम ने वन्यजीवों के अंगों की तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 114 जोड़े हत्था जोड़ी, जंगली सूअर का एक दांत, पांच मोती शंख और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। वन विभाग की टीम ने बरामद सामग्री की पहचान कर उसे वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित प्रजातियों से संबंधित बताया है।

पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को जसपुर कस्बे में शांति व्यवस्था और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान पुलिस तथा एसओजी की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि राजपूत सभा भवन के गेट के पास एक व्यक्ति वन्यजीवों के अंग बेच रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके से तीन प्लास्टिक के डिब्बों के साथ एक व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान आकाश दीक्षित (32 वर्ष), निवासी मोहल्ला कटरा, थाना सहसवान, जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। वह वर्तमान में जसपुर के वार्ड संख्या चार में रह रहा था।

तलाशी के दौरान एक बड़े प्लास्टिक के डिब्बे से 114 जोड़े हत्था जोड़ी, एक छोटे डिब्बे से जंगली सूअर का एक दांत और एक गोल डिब्बे से पांच मोती शंख बरामद हुए। इसके बाद जसपुर दक्षिणी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अनुस्वार टम्टा और उनकी टीम को मौके पर बुलाया गया। वन विभाग की टीम ने बरामद सामग्री की जांच कर उसे संरक्षित वन्यजीव प्रजातियों से संबंधित बताया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरिद्वार निवासी अमन से हत्था जोड़ी के प्रत्येक जोड़े को 400 से 500 रुपये में खरीदता था और धन प्राप्ति, तंत्र-मंत्र तथा पूजा-पाठ के नाम पर लोगों को 4,000 से 5,000 रुपये में बेचता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी इंस्टाग्राम पर ‘divyapoojasamagri’ नामक खाते के माध्यम से भी सामग्री की ऑनलाइन बिक्री करता था।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली जसपुर में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 49ए, 50 और 51 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद और कांस्टेबल वीरेंद्र दत्त, कोतवाली जसपुर से तथा एसओजी काशीपुर के प्रभारी उपनिरीक्षक सुनील सुतेड़ी, हेड कांस्टेबल विनय कुमार, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार, कांस्टेबल हरीश गोस्वामी, कांस्टेबल इमरान खान और कांस्टेबल गिरीश कांडपाल संयुक्त टीम में शामिल रहे।

वन विभाग की टीम में जसपुर दक्षिणी रेंज के रेंजर अनुस्वार टम्टा, वन दरोगा हरीश चंद्र सिंह नयाल और अन्य वनकर्मियों ने बरामद सामग्री की पहचान में सहयोग किया।

देवभूमि खबर

Related articles