पूर्वोत्तर की युवा शक्ति में दिखता है विकसित भारत का उज्ज्वल भविष्य: मुख्यमंत्री धामी

पूर्वोत्तर की युवा शक्ति में दिखता है विकसित भारत का उज्ज्वल भविष्य: मुख्यमंत्री धामी
Spread the love

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित तालकटोरा स्टेडियम में My Home India द्वारा आयोजित ‘NeST Fest-2026’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने पूर्वोत्तर राज्यों से आए छात्र-छात्राओं एवं युवाओं का देवभूमि उत्तराखण्ड की ओर से स्वागत करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।

शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने देशभर के शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को उनकी जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं के बीच उन्हें भारत का उज्ज्वल भविष्य दिखाई दे रहा है। युवा केवल विद्यार्थी नहीं, बल्कि देश की उस शक्ति के प्रतिनिधि हैं, जिनमें बड़े से बड़े सपनों को साकार करने का साहस और सामर्थ्य है।

उन्होंने कहा कि NeST Fest पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और देश की एकता-अखंडता का प्रतीक है। पूर्वोत्तर और उत्तराखण्ड के पहाड़ी परिवेश, रहन-सहन तथा भौगोलिक परिस्थितियों में कई समानताएं हैं। ऐसे आयोजन दोनों क्षेत्रों के बीच आत्मीयता को और मजबूत करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि My Home India द्वारा पूर्वोत्तर के युवाओं को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने का प्रयास राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत कर रहा है। यही भावना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन रही है।

उन्होंने पूर्वोत्तर को भारतीय संस्कृति के चमकते मुकुट की संज्ञा देते हुए कहा कि यह क्षेत्र देश की विविधता और सुंदरता का अभिन्न हिस्सा है। सामरिक दृष्टि से भी पूर्वोत्तर अत्यंत महत्वपूर्ण है और देश की सुरक्षा में सशक्त प्रहरी की भूमिका निभाता है। उन्होंने मैरी कॉम, मीराबाई चानू, लवलीना बोरगोहेन, बाइचुंग भूटिया और भारत रत्न स्व. भूपेन हजारिका जैसी महान प्रतिभाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर ने देश को गौरवान्वित करने वाली अनेक प्रतिभाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर को देश से दूर नहीं, बल्कि दिल के करीब रखा है और इसे भारत के विकास का महत्वपूर्ण ग्रोथ इंजन माना है। ‘लुक ईस्ट’ नीति को आगे बढ़ाते हुए ‘एक्ट ईस्ट’ और ‘फास्ट ईस्ट’ की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद पूर्वोत्तर में सड़क, पुल, सुरंग, जलमार्ग, गैस ग्रिड, मोबाइल कनेक्टिविटी और ऑप्टिकल फाइबर सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है। भारत-म्यांमार-थाईलैंड त्रिपक्षीय राजमार्ग जैसी परियोजनाओं से व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर खुले हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास प्रयासों के केंद्र में पूर्वोत्तर का युवा है। डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने उत्तराखण्ड में वर्ष 2025 में आयोजित राष्ट्रीय खेलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें देशभर के 10 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। उत्तराखण्ड से राष्ट्रीय खेलों की मशाल पूर्वोत्तर भेजी गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पूर्वोत्तर में होने वाले राष्ट्रीय खेल खिलाड़ियों और युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आएंगे।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड में शिक्षा प्राप्त करने आए पूर्वोत्तर के छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि “देवभूमि उत्तराखण्ड आपका अपना घर है।” उन्होंने कहा कि प्रदेश में रह रहे पूर्वोत्तर के युवाओं की सुरक्षा, सम्मान और प्रगति राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से खूब पढ़ने, खूब खेलने, बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत से आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएं और प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

देवभूमि खबर

Related articles