ड्रग्स माफियाओं पर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन पर बने 13 अवैध निर्माण ध्वस्त

देहरादून। नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ देहरादून पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली सहसपुर क्षेत्र के ग्राम खुशहालपुर और जस्सोवाला में पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए अवैध भवनों और अन्य निर्माणों को ध्वस्त किया।
संयुक्त टीम द्वारा कुल 13 व्यक्तियों के अवैध निर्माणों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इनमें 10 ऐसे व्यक्ति शामिल हैं, जिनके विरुद्ध पूर्व में विभिन्न आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार संबंधित व्यक्तियों पर मादक पदार्थों की तस्करी, गौकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले दर्ज रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, चिन्हित अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण किए जाने की पुष्टि के बाद प्रशासन के साथ संयुक्त रूप से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
ग्राम खुशहालपुर में आमिर, मेहराज, सलमान, दिलशाद उर्फ मिर्ची, मोहसीन, फैजान और कौसर के अवैध निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार इनमें कई अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, गौवंश संरक्षण से संबंधित अधिनियम, आर्म्स एक्ट, चोरी तथा गैंगस्टर एवं गुंडा एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आमिर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मेहराज के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट और गुंडा एक्ट के मामले दर्ज बताए गए हैं। सलमान के खिलाफ आर्म्स एक्ट, चोरी, गौवंश संरक्षण अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न मामलों का आपराधिक इतिहास पुलिस ने बताया है।
ग्राम जस्सोवाला में बिरजू, सूरज और सोहिन के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार बिरजू और सूरज के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं, जबकि सोहिन के खिलाफ चोरी एवं बरामदगी से संबंधित मामला दर्ज रहा है।
पुलिस एवं प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
