टिहरी का पुनर्वास निदेशक/जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल का ट्रांजिट कैंप अन्यत्र खोले जाने के आदेश का विरोध,
टिहरी।उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच टिहरी गढ़वाल के कार्यकारी अध्यक्ष राकेश राणा ने पुनर्वास निदेशक/ जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल के ट्रांजिट कैंप कार्यालय को मुनिकीरेती में खोले जाने के निर्णय पर कड़ा विरोध जताते हुए मुख्यमंत्री से उक्त आदेश को तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
राकेश राणा ने कहा कि टिहरी जनपद के पुनर्वास निदेशक और जिलाधिकारी का कार्यालय नई टिहरी में स्थापित है और इसे मुनिकीरेती में कैंप कार्यालय के रूप में संचालित किया जाना जनहित की दृष्टि से उचित नहीं है। टिहरी जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम लोग अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचते हैं। ऐसे में जिलाधिकारी कार्यालय का एक महत्वपूर्ण हिस्सा जिले के अंतिम छोर पर संचालित होने से आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि टिहरी बांध विस्थापन के दौरान नई टिहरी बसाते समय यह स्पष्ट व्यवस्था और जनभावना थी कि जिलाधिकारी कार्यालय नई टिहरी में ही रहेगा तथा किसी अन्य स्थान पर कैंप कार्यालय स्वीकार्य नहीं होगा। वर्तमान निर्णय उस भावना और व्यवस्था के विपरीत है।
राकेश राणा ने यह भी कहा कि मुनिकीरेती टिहरी जिले का अंतिम क्षेत्र है, जो देहरादून जनपद से सटा हुआ है, जबकि टिहरी जिले का अधिकांश भू-भाग दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में फैला हुआ है। ऐसे में मुनिकीरेती में कैंप कार्यालय संचालित होने से जिले के प्रतापनगर, जौनपुर, घनसाली, थोलधार,धनोल्टी, नरेंद्रनगर, देवप्रयाग सहित दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों की प्रशासन तक सीधी पहुंच प्रभावित होगी।
प्रशासन का मूल उद्देश्य जनता के बीच पहुंच बनाना है, न कि जनता और जिला प्रशासन के बीच दूरी बढ़ाना।
राकेश राणा ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि मुनिकीरेती में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल के ट्रांजिट कैंप कार्यालय खोले जाने के आदेश को तत्काल निरस्त किया जाए तथा जिलाधिकारी कार्यालय एवं जिला प्रशासन की मूल व्यवस्था नई टिहरी में ही पूर्ववत रखी जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनहित से जुड़े इस निर्णय पर शीघ्र पुनर्विचार नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी स्थानीय जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
—
