13 सितंबर की पेंशन महारैली को सफल बनाने में जुटे कर्मचारी संगठन, अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान

देहरादून। पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन (NMOPS उत्तराखंड) की ओर से 13 सितंबर को देहरादून में प्रस्तावित पेंशन महारैली को सफल बनाने के लिए विभिन्न कर्मचारी, शिक्षक एवं अधिकारी संगठनों ने कमर कस ली है। रविवार को सौरभ होटल, देहरादून में आयोजित बैठक में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने महारैली में अधिक से अधिक कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली कर्मचारियों के भविष्य की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने सभी कर्मचारी, शिक्षक एवं अधिकारी संगठनों से एकजुट होकर 13 सितंबर को देहरादून पहुंचने का आह्वान किया।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट ने कहा कि परिषद पूर्व से ही NMOPS के आंदोलन को सहयोग देती रही है और आगे भी सहयोग जारी रखेगी। सचिवालय संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश जोशी एवं महासचिव राजेंद्र रतूड़ी ने सभी महासंघों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संयोजक मंडल गठित करने की बात कही।
डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ, डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन, शिक्षक संगठनों, वाहन चालक महासंघ, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ, होम्योपैथिक फार्मासिस्ट संघ सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने स्तर पर जनजागरण, गेट मीटिंग और कार्यालयों एवं विद्यालयों में संपर्क अभियान चलाने की जानकारी दी।
NMOPS के प्रांतीय अध्यक्ष जीतमणि पैन्यूली और प्रांतीय महामंत्री इंजीनियर मुकेश रतूड़ी सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि 13 सितंबर की महारैली केवल एक संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पुरानी पेंशन की बहाली के लिए प्रदेश के कर्मचारी समाज की सामूहिक आवाज है।
बैठक के माध्यम से उत्तराखंड के समस्त परिसंघों, महासंघों, कर्मचारी-शिक्षक संगठनों एवं कर्मचारियों से बड़ी संख्या में देहरादून पहुंचकर महारैली को सफल बनाने की अपील की गई।
