जमीन बेचने के नाम पर ₹12 लाख की धोखाधड़ी, फर्जी बैनामा बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार

जमीन बेचने के नाम पर ₹12 लाख की धोखाधड़ी, फर्जी बैनामा बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

रुड़की। जमीन बेचने के नाम पर ₹12 लाख की धोखाधड़ी और फर्जी बैनामा तैयार करने के मामले में हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। कोतवाली रुड़की पुलिस ने आरोपी कल्याण सिंह को जेल के सामने से हिरासत में लिया। मामले में शामिल दूसरा आरोपी अनुज कुमार पूर्व में गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को देशराज निवासी ग्राम जसवावाला, रुड़की ने कोतवाली रुड़की में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अनुज कुमार और उसके पिता कल्याण सिंह ने जमीन बेचने के नाम पर उससे ₹12 लाख की रकम ली तथा उसके पक्ष में फर्जी एवं जाली बैनामा तैयार किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 285/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने 17 अगस्त 2026 को वांछित आरोपी अनुज कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

इसी क्रम में 5 सितंबर को पुलिस टीम ने मामले में वांछित कल्याण सिंह पुत्र सावल दास, निवासी ग्राम सैदपुरा, थाना मंगलौर, रुड़की को जेल के सामने से हिरासत में लिया। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह, कांस्टेबल लईक अहमद एवं होमगार्ड कपिल कुमार शामिल रहे।  ।

देवभूमि खबर

Related articles