नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने वाला अभियुक्त गिरफ्तार, पौड़ी पुलिस ने बिजनौर से सकुशल किया बरामद

नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने वाला अभियुक्त गिरफ्तार, पौड़ी पुलिस ने बिजनौर से सकुशल किया बरामद
Spread the love

कोटद्वार। नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगाने के मामले में पौड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग को उत्तर प्रदेश के बिजनौर से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में संलिप्त अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने सीमित सुरागों के बावजूद उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए और मामले का खुलासा किया।

जानकारी के अनुसार 2 सितंबर 2026 को कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली कोटद्वार में तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पा रहा था। तहरीर के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा संख्या 205/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने नाबालिग की सकुशल बरामदगी, घटना के वास्तविक तथ्यों का पता लगाने और आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद कोतवाली कोटद्वार पुलिस और सीआईयू टीम ने घटनास्थल तथा आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। सर्विलांस, पतारसी और सुरागरसी के माध्यम से भी लगातार जानकारी जुटाई गई।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में नाबालिग एक युवक के साथ मोटरसाइकिल पर जाती दिखाई दी। मोटरसाइकिल का नंबर स्पष्ट नहीं था और दोनों के चेहरे भी ढके हुए थे। इसके बावजूद पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी और मैनुअल जांच करते हुए महत्वपूर्ण सुराग हासिल किए।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने नाबालिग को आजाद कॉलोनी, नगीना, जनपद बिजनौर से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में संलिप्त अभियुक्त रोहित पुत्र वीरेन्द्र उर्फ बिन्दा, निवासी ग्राम ढकिया, थाना नगीना देहात, बिजनौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी का वर्तमान पता आजाद कॉलोनी, नगीना, बिजनौर बताया गया है।

अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन, अपर उपनिरीक्षक अहसान अली (सीआईयू कोटद्वार), कांस्टेबल चन्द्रपाल, कांस्टेबल सितान्शु (सीआईयू कोटद्वार), होमगार्ड कुलदीप और महिला होमगार्ड सपना रावत शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles