नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले अंतर्राष्ट्रीय सिंडिकेट का भंडाफोड़

नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले अंतर्राष्ट्रीय सिंडिकेट का भंडाफोड़
Spread the love

हल्द्वानी/नैनीताल। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी की सटीक रणनीति के तहत चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट-2026’ में नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखानी पुलिस, एसओजी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने म्यूल बैंक खातों और अनधिकृत ऐप के जरिए करोड़ों रुपये के अवैध वित्तीय लेनदेन करने वाले एक बड़े साइबर सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में मुख्य सरगना समेत छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरोह द्वारा बीते करीब चार माह में 5 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी और संदिग्ध वित्तीय गतिविधियां संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है। मौके से लाखों रुपये की नकदी, महंगे मोबाइल फोन, लैपटॉप, आईपैड, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, चेकबुक और पासबुक सहित बड़ी मात्रा में अन्य सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड द्वारा साइबर अपराधियों, म्यूल बैंक खातों, संदिग्ध मोबाइल नंबरों और अवैध नकदी निकासी के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यव्यापी विशेष अभियान के तहत 5 और 6 सितंबर की रात मुखानी क्षेत्र के लक्ष्मण विहार कॉलोनी स्थित एक मकान में छापेमारी की गई।

एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी मनोज कत्याल तथा संबंधित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में मुखानी पुलिस, एसओजी और साइबर सेल की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध साइबर वित्तीय नेटवर्क का संचालन कर रहे मुख्य सरगना राहुल यादव निवासी इंदौर, मध्य प्रदेश समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह क्रिप्टोकरेंसी USDT की खरीद-फरोख्त के साथ अनधिकृत ‘UMASTER’ ऐप के माध्यम से संदिग्ध वित्तीय लेनदेन करता था। गिरोह स्थानीय युवाओं को कमीशन का लालच देकर म्यूल बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक और पासबुक उपलब्ध कराने के लिए जोड़ता था। इसके बाद इन खातों से नकदी निकासी और कैश डिपॉजिट मशीन के माध्यम से धनराशि को विभिन्न खातों में स्थानांतरित किया जाता था।

गिरफ्तार अभियुक्तों में मुख्य सरगना राहुल यादव के अलावा हर्षित कुमार, कमल गोस्वामी, साहिल कुमार, मोहम्मद अयान और मोहम्मद शुभान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मामले में दो अन्य वांछितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

दो विधि-विवादित किशोरों को भी संरक्षण में लेकर बाल कल्याण पुलिस अधिकारी के माध्यम से अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने मौके से 1 लाख 18 हजार 800 रुपये नकद, एक डेल लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड, 11 आधुनिक स्मार्ट मोबाइल फोन, 24 सक्रिय एटीएम/डेबिट कार्ड, 12 सिम कार्ड, 6 चेकबुक, 4 पासबुक तथा बैंक जमा और सीडीएम की पर्चियां बरामद की हैं।

इस मामले में कोतवाली मुखानी में मुकदमा संख्या 141/2026 के तहत सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(सी), 66(डी) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 318(4) में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को कमीशन या पैसों के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक या चेकबुक इस्तेमाल करने के लिए न दें। साइबर अपराध में खाते के इस्तेमाल होने पर खाताधारक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। किसी भी संदिग्ध वित्तीय गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर देने की अपील की गई है।

देवभूमि खबर

Related articles