हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण पर कांग्रेस का हल्ला बोल, हजारों कार्यकर्ताओं ने किया मुख्यमंत्री आवास कूच

हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण पर कांग्रेस का हल्ला बोल, हजारों कार्यकर्ताओं ने किया मुख्यमंत्री आवास कूच
Spread the love

देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस के कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के नेतृत्व में भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार हल्ला बोल किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर परेड ग्राउंड से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में कांग्रेस के कार्यक्रम स्थल का ‘शुद्धिकरण’ केवल एक राजनीतिक दल का अपमान नहीं, बल्कि उत्तराखंड की साझा संस्कृति, सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक परंपराओं पर प्रहार है। नेताओं ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी कार्यक्रम स्थल को ‘अशुद्ध’ बताकर उसका शुद्धिकरण करना समाज में नफरत और विभाजन की मानसिकता को बढ़ावा देता है।

प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान भाईचारे और सामाजिक समरसता से है, न कि नफरत और भेदभाव से। उन्होंने भाजपा सरकार से इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि हल्द्वानी में हुआ कथित ‘शुद्धिकरण’ लोकतंत्र और उत्तराखंड की सामाजिक चेतना पर हमला है। कांग्रेस धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, CWC सदस्य करण माहरा, राष्ट्रीय महासचिव गुरदीप सिंह सप्पल, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी तथा विधायक विक्रम सिंह नेगी सहित कई नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए सरकार पर तीखे प्रहार किए।

कांग्रेस नेताओं ने महिला अपराध, युवाओं की बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, किसानों की समस्याओं, जमीनों की नीलामी और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा।

मुख्यमंत्री घेराव एवं हल्ला बोल कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए कई स्थापित नेताओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस में शामिल होने वालों में रुड़की के पूर्व महापौर यशपाल राणा, हरिद्वार के पूर्व प्रधानाचार्य मनोज कुमार सैनी, यमकेश्वर-कोटद्वार के पूर्व प्रमुख भुवनेश खर्कवाल, पुरोला नगर पालिका के पूर्व अधिशासी अधिकारी भजनलाल आर्य, एडवोकेट सचिन कुमार, रामकुमार वालिया एवं रविंद्र आनंद शामिल रहे।

सभा का संचालन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

कांग्रेस ने कहा कि हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण में न्याय और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक उसका संघर्ष जारी रहेगा और पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों पर सड़क से सदन तक जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से कांग्रेस पार्टी के सम्मानित विधायक ममता राकेश, सुमित हृदयेश, हरीश धामी, मयूख महर, मदन बिष्ट, मनोज तिवारी, वीरेंद्र जाती, रवि बहादुर, विक्रम सिंह नेगी, काजी निजामुद्दीन एवं लखपत बुटोला सहित अन्य विधायक उपस्थित रहे।

इसके अलावा पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधायक रामयश सिंह एवं जोत सिंह गुनसोला भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कांग्रेस के फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष ज्योति रौतेला, विशाल भोजक, हेमा पुरोहित एवं विकास नेगी सहित पार्टी के विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

इस अवसर पर देहरादून जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर एवं उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles