16 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के आरोपी को मंगलौर पुलिस ने किया गिरफ्तार

रुड़की। कोतवाली मंगलौर पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने, उसके साथ दुष्कर्म करने तथा परिजनों के माध्यम से धमकी देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कोतवाली मंगलौर में एक व्यक्ति ने प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि एक युवक उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगाकर ले गया। आरोप है कि वहां युवक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के परिजनों द्वारा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत प्राप्त होने के बाद कोतवाली मंगलौर पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और तलाश शुरू की। पुलिस टीम के प्रयासों के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सायन पुत्र तनवीर, निवासी मोहल्ला किला, मंगलौर के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक नितिन बिष्ट, कांस्टेबल मनदीप नेगी तथा पीआरडी जितेंद्र शामिल रहे।
