प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उत्तराखंड में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार को केंद्र में रखते हुए नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के तहत राज्यभर में 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थी, युवा, महिलाएं, लाभार्थी, अभिभावक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और आम नागरिक सक्रिय रूप से सहभागी बनेंगे। साथ ही राज्य सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं के विभिन्न केंद्रों, गैस वितरण केंद्रों, राशन की दुकानों, प्रमुख धार्मिक स्थलों और गंगा तट सहित अन्य स्थानों पर दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नए मेडिकल कॉलेज, बांध, पुल, अमृत सरोवर और जन औषधि केंद्रों जैसे स्थलों पर भी सामूहिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत शैक्षणिक संस्थानों में ‘विकसित भारत’ के संकल्प तथा 25 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। चयनित चित्रों को विद्यालयों में प्रदर्शित किया जाएगा और अभिभावकों एवं नागरिकों को भी इन प्रदर्शनियों से जोड़ा जाएगा।

‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ के तहत देश की उपलब्धियों पर आधारित नाटकों का विद्यालयों में मंचन किया जाएगा। वहीं ‘आंगन मिलन सेवा’ के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों, अभिभावकों, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं की सहभागिता से कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों में मातृ-बाल स्वास्थ्य, पोषण तथा मातृ-शिशु कल्याण से संबंधित जानकारी पर विशेष जोर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा की कहानियां’ के माध्यम से राष्ट्रीय एवं राज्य की योजनाओं से नागरिकों के जीवन में आए वास्तविक बदलाव को सामने लाया जाएगा। भाषण, चित्रकला और कहानियों के माध्यम से इन बदलावों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत प्रमुख चौराहे पर ‘विकसित भारत 2047’ से संबंधित कलश की स्थापना की जाएगी। इसके साथ साइकिल एवं बाइक यात्रा भी आयोजित की जाएगी।

‘सेवा : मेरा योगदान’ कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, शिक्षण कार्य और अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। वहीं ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के साथ स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर भी लगाए जाएंगे।

‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में रंगोली के माध्यम से ‘विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना प्रदर्शित की जाएगी। वहीं ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार के विभागों को जोड़कर वास्तविक जीवन से जुड़ी समस्याओं पर नवाचार आधारित समाधान प्राप्त किए जाएंगे।

‘सुशासन सेवा संवाद’ के तहत सेवा और सुशासन के विषय पर जनप्रतिनिधियों के साथ व्यापक संवाद किया जाएगा। अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों के फोटो, वीडियो, लाभार्थियों के अनुभव और सकारात्मक बदलाव की कहानियों का मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उनके नेतृत्व में देश ने ‘विकसित भारत’ का संकल्प लिया है और इसे सिद्धि तक पहुंचाने में प्रत्येक देशवासी की महत्वपूर्ण भूमिका है। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को प्रत्येक जिले में व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा और प्रत्येक जिले के प्रभारी मंत्री भी कार्यक्रमों में मौजूद रहेंगे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, राम सिंह कैड़ा एवं महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles