प्रेमनगर फायरिंग और 30 लाख की रंगदारी मामले में 15 हजार की इनामी अभियुक्ता गिरफ्तार, सोनीपत से दबोचा

प्रेमनगर फायरिंग और 30 लाख की रंगदारी मामले में 15 हजार की इनामी अभियुक्ता गिरफ्तार, सोनीपत से दबोचा
Spread the love

देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में घर पर फायरिंग कर 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रही 15 हजार रुपये की इनामी अभियुक्ता को दून पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्ता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार गैर प्रांतों में दबिश दे रही थीं।

पुलिस के अनुसार 24 मई 2026 को सीमा राजपूत निवासी ईएचटी लक्ष्मीपुर, प्रेमनगर ने कोतवाली प्रेमनगर में तहरीर देकर बताया था कि 20 मई की रात उनके घर पर अर्जुन पुत्र बलवान निवासी झिंझोली, सोनीपत, हरियाणा, विकास बलारा पुत्र राज कपूर चौधरी निवासी सेक्टर 3/148, रोहतक, हरियाणा तथा दीपिका पत्नी रविंदर दहिया निवासी नाहरी, सोनीपत, हरियाणा द्वारा आपराधिक षड्यंत्र के तहत जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई। आरोप है कि आरोपियों ने वादिनी के पति से 30 लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी थी।

तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा अपराध संख्या 99/2026, धारा 109(1), 308(4) और 61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग दर्ज किया गया था।

विवेचना के दौरान घटना में शामिल अमन पुत्र सुपेंद्र, निवासी नालापानी, डीएल रोड, थाना डालनवाला, देहरादून का नाम प्रकाश में आया था। पुलिस ने उसे 10 जून 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं अन्य नामजद अभियुक्त गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। फरार चल रहे अभियुक्तों पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

वर्तमान में चल रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को सक्रिय एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में थाना प्रेमनगर पुलिस ने फरार इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर सुरागरसी-पतारसी, सर्विलांस एवं अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई।

पुलिस टीम को मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर फरार नामजद इनामी अभियुक्ता दीपिका पत्नी रविंदर दहिया, निवासी नाहरी, सोनीपत, हरियाणा, उम्र 31 वर्ष को 10 सितंबर 2026 को सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

गिरफ्तार अभियुक्ता दीपिका पत्नी रविंदर दहिया, निवासी नाहरी, सोनीपत, हरियाणा, उम्र 31 वर्ष है।

पुलिस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय रावत, थाना प्रेमनगर, उप निरीक्षक नौशाद अंसारी तथा महिला कांस्टेबल शकुंतला शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles