उत्तराखंड की आशा कार्यकर्ताओं और फैसिलिटेटर्स के लिए 37.76 करोड़ रुपये जारी, खातों में भेजी गई धनराशि

उत्तराखंड की आशा कार्यकर्ताओं और फैसिलिटेटर्स के लिए 37.76 करोड़ रुपये जारी, खातों में भेजी गई धनराशि
Spread the love

देहरादून। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, स्वास्थ्य विभाग उत्तराखंड ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश के सभी विकासखण्डों में कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं एवं आशा फैसिलिटेटर्स को मासिक मानदेय और प्रोत्साहन राशि के लिए कुल 37 करोड़ 76 लाख 51 हजार 736 रुपये की धनराशि जारी कर दी है। यह धनराशि 10 सितम्बर 2026 को जिलों को विकासखण्डवार उनके खातों में निर्गत कर दी गई।

इसके तहत आशा कार्यकर्ताओं के लिए 36 करोड़ 64 लाख 52 हजार 856 रुपये तथा आशा फैसिलिटेटर्स के लिए 1 करोड़ 11 लाख 98 हजार 880 रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।

आशा कार्यकर्ताओं को 3,300 रुपये प्रतिमाह तथा आशा फैसिलिटेटर्स को 2,000 रुपये प्रतिमाह निर्धारित मानदेय के रूप में प्रदान किया जाता है। इसके अतिरिक्त विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सफल संचालन, समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा संबंधित गतिविधियों में सहयोग के लिए आशा कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमवार प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है।

इन कार्यक्रमों में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, नियमित टीकाकरण, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, मातृ स्वास्थ्य एवं संस्थागत प्रसव, शिशु एवं बाल स्वास्थ्य सहित अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम शामिल हैं।

आशा कार्यकर्ता ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके कार्यों को प्रोत्साहित करने, मनोबल बढ़ाने तथा स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में उनके योगदान को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निर्धारित मानदेय के अतिरिक्त विभिन्न कार्यक्रमों के तहत प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जाती है।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि आशा कार्यकर्ता राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आशा कार्यकर्ताओं एवं आशा फैसिलिटेटर्स के हितों और उनके योगदान को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

देवभूमि खबर

Related articles