हिमालयन इंस्टीट्यूट में नवप्रवेशित बी.फार्मा और डी.फार्मा छात्रों का अभिमुखीकरण कार्यक्रम

देहरादून। हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड रिसर्च, देहरादून में बी.फार्मा और डी.फार्मा प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए सोमवार को अभिमुखीकरण एवं प्रवेशोन्मुखी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों के साथ उनके अभिभावकों ने भी प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। संस्थान के निदेशक ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि जिस आशा और विश्वास के साथ छात्रों ने अपने करियर के लिए संस्थान का चयन किया है, उसे पूरा करने के लिए संस्थान पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि फार्मेसी जनस्वास्थ्य और मानव सेवा से जुड़ा महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्ण पेशा है।
निदेशक ने छात्रों को संस्थान की वर्ष 2006 से शिक्षा के क्षेत्र में स्थापित शैक्षणिक विरासत, फार्मेसी परिषद के मानकों, शैक्षणिक नियमों, अनुशासन और उपस्थिति संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने प्रयोगशाला सुविधाओं, औद्योगिक प्रशिक्षण, चिकित्सालय प्रशिक्षण, रोजगार के अवसरों और फार्मेसी क्षेत्र में करियर की संभावनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।
वरिष्ठ प्राध्यापकों ने छात्रों को पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, रैगिंग विरोधी नियमों और आचार संहिता से अवगत कराया। छात्रों को जीपैट, औषधि निरीक्षक, फार्मासिस्ट के रूप में करियर तथा उच्च शिक्षा के विभिन्न अवसरों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर नवप्रवेशित छात्रों को संस्थान की प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और कक्षाओं का भ्रमण कराया गया। इसके बाद अभिभावकों, छात्रों और शिक्षकों के बीच संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें शैक्षणिक गतिविधियों और छात्रों के भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
संस्थान प्रबंधन, निदेशक एवं समस्त स्टाफ ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
