HTML tutorial
HTML tutorial

एक साल से बंद आल्माकोटेज मार्ग का निर्माण शुरू न होने पर क्षेत्रवासियों में आक्रोश, चुनाव बहिष्कार की चेतावनी,देहरादून में अधिकारियों से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन

एक साल से बंद आल्माकोटेज मार्ग का निर्माण शुरू न होने पर क्षेत्रवासियों में आक्रोश, चुनाव बहिष्कार की चेतावनी,देहरादून में अधिकारियों से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन
Spread the love

संवाददाता। ललित जोशी नैनीताल।

नैनीताल। सरोवर नगरी के आल्माकोटेज क्षेत्र का संपर्क मार्ग वर्ष 2025 में आई आपदा के दौरान भूस्खलन के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। एक वर्ष से अधिक समय बीतने के बावजूद मार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। मार्ग बंद होने के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ विद्यार्थियों और रोजाना आवाजाही करने वालों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने विधानसभा चुनाव से पहले मार्ग का निर्माण शुरू नहीं होने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में भी यह मार्ग आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हुआ था। उस समय क्षेत्रवासियों ने ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का नारा देते हुए आंदोलन किया था। इसके बाद आनन-फानन में निर्माण कार्य शुरू कराया गया और मार्ग पर आवाजाही बहाल हो गई थी। लेकिन वर्ष 2025 की आपदा में मार्ग दोबारा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तब से आवागमन बंद है।

स्नोव्यू वार्ड संख्या-5 के सभासद जितेंद्र कुमार पांडेय ‘जीनू’ लगातार मार्ग के निर्माण की मांग उठा रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश जोशी ‘मंटू’, पूर्व सभासद दीपक कुमार ‘भोलू’ तथा अवकाश प्राप्त शिक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता खुशाल सिंह रावत के साथ देहरादून पहुंचकर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाश चंद्र और यूएलएमएमसी के निदेशक शांतनु सरकार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को मार्ग की मौजूदा स्थिति से अवगत कराते हुए शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की और ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों ने जल्द ही निर्माण कार्य सुचारू कराने का आश्वासन दिया।

इससे पूर्व प्रतिनिधिमंडल मार्ग निर्माण की मांग को लेकर कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत, क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्या, सांसद अजय भट्ट और जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से भी मुलाकात कर ज्ञापन सौंप चुका है। इसके बावजूद धरातल पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि आल्माकोटेज मार्ग स्नोव्यू, बिड़ला विद्या मंदिर, सैनिक स्कूल, राजकीय पॉलिटेक्निक और निशांत विद्या पीठ सहित कई महत्वपूर्ण संस्थानों तथा आसपास के क्षेत्रों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। मार्ग बंद होने से विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय निवासियों को रोजाना दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।

नव सांस्कृतिक सत्संग समिति शेर का डांडा की रामलीला के दौरान विधायक सरिता आर्या ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया था कि सरकार की ओर से निर्माण कार्य के लिए धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संज्ञान में भी यह मामला है। अब देहरादून में अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों को मार्ग निर्माण की उम्मीद जगी है। हालांकि, लोगों का कहना है कि उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर शीघ्र काम शुरू होता दिखाई देना चाहिए।

देवभूमि खबर

Related articles