श्रीनगर में 90 किलो गांजा बरामदगी मामले का ₹1,500 का ईनामी वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

श्रीनगर में 90 किलो गांजा बरामदगी मामले का ₹1,500 का ईनामी वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
Spread the love

श्रीनगर। 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामदगी के मामले में पुलिस ने मादक पदार्थों की सप्लाई चेन से जुड़े ₹1,500 के ईनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में गांजा बेचने से लेकर उसकी सप्लाई करने वाले तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने फरार चल रहे चौथे अभियुक्त को भी श्रीनगर से दबोच लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने जनपद में नशे पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, नशा तस्करों की सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त करने तथा मादक पदार्थों की बिक्री, आपूर्ति, परिवहन एवं वितरण से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के अनुपालन में जनपद पुलिस की ओर से थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग और नशे के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

23 अगस्त 2026 को श्रीनगर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान इको एम्बुलेंस संख्या UK14-PA-0539 से 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया था। पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त एम्बुलेंस को सीज करते हुए मामले में संलिप्त रविन्द्र सिंह, रविन्द्र कठैत उर्फ बिट्टू और विनोद रावत को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

प्रकरण की विवेचना के दौरान गांजा तस्करी में दीपक सिंह बिष्ट निवासी मंगलाकोटी, पौड़ी गढ़वाल की संलिप्तता भी सामने आई। जांच में उसके गांजा की खरीद-फरोख्त एवं आपूर्ति से जुड़े होने के पर्याप्त तथ्य मिले। इसके बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए दीपक सिंह लगातार अपने ठिकाने बदलकर फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी ने उस पर ₹1,500 का ईनाम घोषित किया था।

वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। पुलिस के निरंतर प्रयासों, सटीक सूचना एवं प्रभावी समन्वय के आधार पर 17 सितंबर 2026 को दीपक सिंह बिष्ट को श्रीनगर से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दीपक सिंह बिष्ट, उम्र करीब 34 वर्ष, पुत्र कुंवर सिंह, निवासी मंगलाकोटी, जनपद पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेश असवाल, हेड कांस्टेबल 219 संजय कुमार और हेड कांस्टेबल 236 दिनेश नेगी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles