HTML tutorial
HTML tutorial

कुंभ-2027 के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, समयसीमा में पूरा करें कार्य: मंडलायुक्त

कुंभ-2027 के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, समयसीमा में पूरा करें कार्य: मंडलायुक्त
Spread the love

हरिद्वार। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने रविवार देर शाम हरिद्वार भ्रमण के दौरान कुंभ मेला-2027 से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने और निर्माण में गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने सबसे पहले एडमिन रोड के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और सड़क निर्माण की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद चंडी चौक के समीप निर्माणाधीन बॉक्स कलवर्ट पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 की दृष्टि से एडमिन रोड और इससे जुड़े निर्माण कार्य महत्वपूर्ण हैं। इन्हें समय पर पूरा करने के लिए पर्याप्त संसाधन एवं श्रमशक्ति उपलब्ध कराते हुए कार्य में तेजी लाई जाए।

इसके बाद मंडलायुक्त ने अमरापुर घाट एवं साक्षी सतनाम घाट के निकट निर्माणाधीन नए घाटों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घाटों के निर्माण की समयसीमा की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

मंडलायुक्त ने गंग नहर की क्लोजिंग अवधि में प्रस्तावित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्लोजिंग के दौरान किए जाने वाले कार्यों की तैयारियां अभी से पूरी कर ली जाएं। सामग्री, संसाधन एवं श्रमशक्ति की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि क्लोजिंग अवधि का अधिकतम उपयोग करते हुए कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सके।

उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 से जुड़े निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी दशा में समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। सभी कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा और तकनीकी गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखें।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा एवं स्थलीय निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों की प्रगति में किसी स्तर पर समन्वय की आवश्यकता अथवा कोई अन्य समस्या सामने आती है तो उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत किए जा रहे सभी कार्यों का उद्देश्य श्रद्धालुओं एवं आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी आकाश जोशी, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि, तकनीकी प्रकोष्ठ के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग डी.पी. सिंह, अधिशासी अभियंता पीआईयू प्रवीण कुश, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई अनुभव नौटियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles