HTML tutorial
HTML tutorial

गूलर घाटी बस हादसे में मृतकों की संख्या 9 हुई, 25 घायल; एम्स ऋषिकेश में दो ने तोड़ा दम

गूलर घाटी बस हादसे में मृतकों की संख्या 9 हुई, 25 घायल; एम्स ऋषिकेश में दो ने तोड़ा दम
Spread the love

                 हरिद्वार से जोशीमठ जा रही बस 100 मीटर गहरी खाई में गिरी, बस में सवार थे 34 यात्री

ऋषिकेश। टिहरी गढ़वाल जनपद के गूलर घाटी क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए भीषण बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी बस ऋषिकेश-कीर्तिनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर पुल के समीप अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 34 लोग सवार थे, जिनमें सात की घटनास्थल पर या प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान मौत हुई, जबकि एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान दो घायलों ने दम तोड़ दिया। दुर्घटना में 25 लोग घायल हुए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस मंगलवार सुबह करीब पांच बजे दुर्घटनाग्रस्त हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस एवं संबंधित बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया। उपचार के दौरान दो और लोगों की मृत्यु होने से मृतकों की संख्या नौ हो गई।

हादसे में जान गंवाने वालों में बस चालक राजेंद्र सिंह (48), परिचालक अनुज भंडारी (27), पुन्यु (55), सुशील प्रताप सिलोडी (55), रोहित कश्यप (35), विवेक (37), राजराय, दीपक गुप्ता (55) और विकास गुप्ता शामिल हैं। मृतकों में उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के निवासी भी शामिल हैं।

दुर्घटना में घायल 25 लोगों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। घायलों में झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, असम, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और उत्तराखंड के लोग शामिल हैं। घायलों में तीन वर्षीय बच्ची और 11 वर्षीय बालक भी हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एम्स ऋषिकेश पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना प्रभावितों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

प्रशासन एवं पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच और राहत कार्यों की कार्रवाई की जा रही है।

देवभूमि खबर

Related articles