हरिद्वार जनसुनवाई में 68 शिकायतें दर्ज, 32 का मौके पर निस्तारण

हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 68 समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 32 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड सहित विभिन्न समस्याएं सामने आईं। ग्राम बंजारेवाला ग्रंट निवासी सुरजीत सिंह ने गंभीर रूप से बीमार पत्नी के उपचार के लिए आर्थिक सहायता एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद दिलाने की मांग की। ग्राम जैनपुर मुबारिकपुर, लक्सर निवासी आलम मीर ने राशन कार्ड बनवाने, सीतापुर निवासी बृजानन्द शर्मा ने मतदाता पहचान पत्र अपडेट कराने तथा सूरज कुमार ने कृषि भूमि की पैमाइश कराने संबंधी प्रार्थना पत्र दिया।
देवनगर के निवासियों ने वार्ड संख्या 12 में मुख्य मार्ग से जुड़ने वाले करीब 250 मीटर लंबे मार्ग की खराब स्थिति को देखते हुए सड़क निर्माण की मांग रखी। सुरेंद्र सैनी ने जनपद में डेंगू और स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए रोकथाम के प्रभावी उपाय करने की मांग की। वहीं रुहेला ने रुकी हुई वृद्धावस्था पेंशन दोबारा शुरू कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ मौके पर जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई में क्षेत्रवासियों द्वारा दर्ज कराई जा रही समस्याओं को अधिकारी शीर्ष प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ लें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता को समय पर राहत उपलब्ध कराने के साथ ही निस्तारण की प्रक्रिया को प्रभावी और पारदर्शी बनाया जाए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए। 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का विशेष प्राथमिकता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान एल-1 स्तर पर 290 तथा एल-2 स्तर पर 84 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित पाई गईं। संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चन्द, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, डीपीआरओ मुस्तफा खां सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।


