HTML tutorial
HTML tutorial

एक करोड़ से अधिक की चोरी का शिमला पुलिस ने किया खुलासा, ऊधमसिंहनगर से चार आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

उधमसिंह नगर। हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित सदर थाना क्षेत्र में एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की ज्वेलरी, नकदी और अन्य कीमती सामान की चोरी के मामले में शिमला पुलिस ने ऊधमसिंहनगर पुलिस के सहयोग से चार आरोपियों को उत्तराखण्ड से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चोरी की गई संपत्ति का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा बरामद कर लिया गया है।

पुलिस थाना सदर शिमला में 8 सितंबर 2026 को शिकायत के आधार पर अभियोग संख्या 117/2026 पंजीकृत किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार उनके घर में साफ-सफाई के कार्य के लिए एक युवती को रखा गया था। 8 सितंबर की सुबह उन्होंने कमरे की अलमारियां खुली और सामान बिखरा हुआ पाया। जांच करने पर ज्वेलरी, नकदी सहित अन्य कीमती सामान गायब मिला, जिसकी अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई गई।

मामले की जांच के दौरान शिमला पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश, पूछताछ तथा तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई। इसी क्रम में सदर थाना शिमला की पुलिस टीम ने ऊधमसिंहनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए रुद्रपुर, ऊधमसिंहनगर से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामनगर निवासी 56 वर्षीय देवेन्द्र कुमार पुत्र पनीराम, ऊधमसिंहनगर निवासी 58 वर्षीय पप्पु लाल पुत्र जैतराम, 35 वर्षीय बलजीत सिंह पुत्र सेवक सिंह तथा 36 वर्षीय नईम पुत्र खलील अहमद के रूप में हुई है।

पुलिस ने अब तक चोरी की गई संपत्ति का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा बरामद कर लिया है। बरामद सामान में चोरी किए गए आभूषण और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मामले में शेष संपत्ति की बरामदगी तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

शिमला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरेलू सहायकों, कर्मचारियों अथवा अन्य संवेदनशील जिम्मेदारी वाले व्यक्तियों को नियुक्त करने से पहले उनकी पहचान, स्थायी पता और पहचान संबंधी दस्तावेजों का पुलिस सत्यापन अवश्य कराया जाए। पुलिस ने बिना सत्यापन के किसी व्यक्ति को केवल मौखिक परिचय या किसी अन्य व्यक्ति की सिफारिश के आधार पर नियुक्त नहीं करने की सलाह दी है।

देवभूमि खबर

Related articles