ऋषिकेश में अवैध शराब की भट्टी पर आबकारी विभाग का छापा, 80 लीटर कच्ची शराब बरामद

ऋषिकेश। अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। आबकारी विभाग ऋषिकेश और जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून की संयुक्त टीम ने आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर रूषाफॉर्म गुमानीवाला के समीप नौकानाला पार जंगल में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान टीम को जंगल में अवैध कच्ची शराब बनाने की भट्टी मिली। टीम ने गड्ढों में ड्रम दबाकर छिपाकर रखा गया करीब 2000 किलोग्राम लहन तथा चार जरीकेनों में लगभग 80 लीटर कच्ची शराब बरामद की। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
आबकारी टीम को जंगल की ओर आता देख शराब तस्कर मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफलता पाई। मामले में फरार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आबकारी विभाग द्वारा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के साथ उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश, अर्जुन सिंह, आबकारी हेड कांस्टेबल हेमंत सिंह, राकेश सिंह, दीपा डोबरियाल तथा आबकारी कांस्टेबल अंकित कुमार, सोनम पंवार और रेशमा चौहान शामिल रहे।
