फर्जी दस्तावेजों के जरिए एमबीबीएस में दाखिला दिलाने की कोशिश, गदरपुर पुलिस ने दो अभियुक्तों को दबोचा

फर्जी दस्तावेजों के जरिए एमबीबीएस में दाखिला दिलाने की कोशिश, गदरपुर पुलिस ने दो अभियुक्तों को दबोचा
Spread the love

गदरपुर। फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर एमबीबीएस में दाखिला दिलाने का प्रयास करने वाले दो अभियुक्तों को कोतवाली गदरपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से दो मोबाइल फोन, एचपी एलिटबुक लैपटॉप, एक हार्ड डिस्क और एक एसएसडी बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा फर्जी आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतौनी, परिवार रजिस्टर और विद्युत बिल समेत अन्य दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार 25 सितंबर 2026 को राजस्व निरीक्षक गदरपुर विनोद कुमार की तहरीर के आधार पर कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से फर्जी स्थायी निवास, जाति एवं अनाथ प्रमाण-पत्र तैयार कर लाभ लेने के संबंध में कोतवाली गदरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 283/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 338, 339, 340(2) और 61(2) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

विवेचना के दौरान पांच छात्रों से संबंधित प्रमाण-पत्रों में फर्जी एवं कूटरचित आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतौनी, परिवार रजिस्टर और विद्युत बिल समेत अन्य दस्तावेजों के प्रयोग की जानकारी सामने आई। जांच के दौरान प्रकरण में नामजद शुभम हुड़िया और निखिल वर्मा को पुलिस पूछताछ के लिए कोतवाली गदरपुर लाई। पूछताछ के बाद दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों अभियुक्त कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के लिए आपराधिक षड्यंत्र रचते थे और फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन से प्राप्त रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेजों को विवेचना में शामिल करना शुरू कर दिया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शुभम हुड़िया पुत्र राजकुमार हुड़िया, निवासी पुरानी मंडी, वार्ड नंबर-10, गदरपुर, जिला ऊधमसिंहनगर तथा निखिल वर्मा पुत्र मोती राम, निवासी वार्ड नंबर-11, पशु चिकित्सालय, गदरपुर, जिला ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से दो मोबाइल फोन, एक एचपी एलिटबुक एक्स360 1030 जी4 लैपटॉप, एक हार्ड डिस्क और एक एसएसडी बरामद की है। प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मदन सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह रिंगवाल, उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा एवं कांस्टेबल 1319 मोहन सिंह बोरा, कोतवाली गदरपुर शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles