महिला के अपहरण के प्रयास के मामले में मुख्य आरोपी प्रियांशु गिरफ्तार, दून पुलिस ने हरिद्वार से दबोचा

देहरादून। महिला को जबरन गाड़ी में बैठाने के प्रयास के मामले में दून पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने आरोपी प्रियांशु को हरिद्वार के नवोदय नगर के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथी के कहने पर महिला को डराने के लिए अन्य साथियों के साथ देहरादून आया था। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
दिनांक 23 सितंबर 2026 को वादिनी सुषमा शर्मा ने थाना रायपुर में तहरीर देकर बताया था कि नाला पानी चौक के पास अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उन्हें जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया गया। तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में मुकदमा अपराध संख्या 394/26, धारा 126(2), 140(3), 61(2) और 62 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूर्व में एक आरोपी महिला को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की थी। पूछताछ में सामने आया कि पैसों के लेन-देन को लेकर आरोपी महिला का पीड़ित महिला से विवाद था। इसी विवाद के चलते उसने अपने अन्य साथियों की मदद से घटना को अंजाम देने की बात सामने आई थी। पूछताछ में घटना में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को मिली।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप 27 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने घटना में वांछित चल रहे मुख्य आरोपी प्रियांशु पुत्र स्व. सुखपाल निवासी अन्नकी, रोशनाबाद, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार, मूल निवासी ग्राम नगला एहमाद, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष को नवोदय नगर, हरिद्वार के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके साथी दीपक का पैसों के लेन-देन को लेकर देहरादून निवासी सुषमा नाम की महिला से विवाद चल रहा था। दीपक के कहने पर वह अपने अन्य साथियों आदित्य और लक्की के साथ उक्त महिला को डराने के उद्देश्य से देहरादून आया था।
पुलिस के अनुसार घटना में शामिल आरोपी के अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक सुनील रावत, हेड कांस्टेबल दीप प्रकाश, हेड कांस्टेबल प्रेम पावर, कांस्टेबल मनोज तथा हेड कांस्टेबल किरण कुमार, एसओजी देहरादून शामिल रहे।
