20.70 ग्राम स्मैक के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार, बरामद नशीले पदार्थ की कीमत सात लाख रुपये

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जनपद ऊधमसिंह नगर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान और ऑपरेशन प्रहार के तहत नानकमत्ता पुलिस ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 20.70 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 26 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी खटीमा के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नानकमत्ता के नेतृत्व में चौकी बिसौटा पुलिस टीम ने क्षेत्र में नशे की तस्करी और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान अंशुमन वाल्मीकि पुत्र मुकेश कुमार, निवासी धर्मशाला लाइन, पिथौरागढ़, उम्र 18 वर्ष के कब्जे से पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी में 10.76 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पन्नी सहित बरामद स्मैक का शुद्ध वजन 10.00 ग्राम पाया गया।
वहीं दूसरे आरोपी निश्चल राज पुत्र गणेश प्रसाद, निवासी ग्राम जाखनी, पोस्ट विण, कोतवाली पिथौरागढ़, जिला पिथौरागढ़, उम्र 18 वर्ष के कब्जे से पन्नी सहित 11.45 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसका शुद्ध वजन 10.70 ग्राम पाया गया। दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली नानकमत्ता में मुकदमा संख्या 222/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया है। आरोपियों से स्मैक की खरीद-फरोख्त और तस्करी के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि नानकमत्ता क्षेत्र में स्मैक और हेरोइन की तस्करी तथा नशे की बिक्री में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अंशुमन वाल्मीकि और निश्चल राज शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक नवल किशोर, हेड कांस्टेबल 234 राजेन्द्र ओली, कांस्टेबल दानिश अली और कांस्टेबल सुरेश गोस्वामी शामिल रहे।
