90वीं बार रक्तदान पर डॉ. पीयूष मौर्य सम्मानित, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

देहरादून। आईएमए ब्लड बैंक में होलसेल कैमिस्ट एसोसिएशन की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में ब्लड बून के संयोजक डॉ. पीयूष मौर्य ने 90वीं बार रक्तदान किया। इस अवसर पर देहरादून जिले के वरिष्ठ औषधि निरीक्षक एम.एस. राणा, औषधि निरीक्षक विनोद जगूड़ी और देहरादून कैमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष नंदा ने डॉ. पीयूष मौर्य को सम्मानित किया।
इस दौरान अतिथियों ने समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही नशे के खिलाफ डॉ. पीयूष मौर्य की ओर से चलाए जा रहे अभियानों और आयोजनों की सराहना की। होलसेल कैमिस्ट एसोसिएशन की ओर से प्रत्येक वर्ष रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है, जिसमें शहर के नागरिक और युवा बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।
इस वर्ष आयोजित रक्तदान शिविर में करीब 108 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया और रक्तदान किया। शिविर में महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।
इस अवसर पर डॉ. पीयूष मौर्य ने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि नशा मीठा जहर है, जिसका आने वाले समय में परिणाम घातक हो सकता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में होलसेल कैमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव तनेजा, महासचिव आकाश प्रभाकर, कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र रावत, गोपाल भोला, संजय नंदा, उमेश भाटिया, वैशाली तनेजा, पूजा नंदा, अनुभव जैन, नीरज जैन, राजेश बक्शी, अशोक अरोड़ा, भारत भूषण अरोड़ा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
