शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर घंटाघर चौक में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, क्रांतिकारियों के बलिदान को किया नमन

शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर घंटाघर चौक में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, क्रांतिकारियों के बलिदान को किया नमन
Spread the love

देहरादून। शहीद-ए-आजम क्रांतिकारी सरदार भगत सिंह की जयंती के अवसर पर प्रांतीय पंजाबी महासभा की ओर से घंटाघर चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश महामंत्री हरीश नारंग एवं लाल चंद शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सरदार भगत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान दीप और मोमबत्तियां जलाकर देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों को स्मरण किया गया और उनके अमूल्य योगदान को नमन किया गया।

इस अवसर पर हरीश नारंग ने कहा कि सरदार भगत सिंह महान क्रांतिकारी होने के साथ ही युवाओं के लिए साहस, देशभक्ति, त्याग और विचारों की दृढ़ता के प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन देश और समाज के हित में समर्पण, एकता तथा सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।

आशीष नागरथ ने कहा कि भगत सिंह ने अपना जीवन देश की आजादी और राष्ट्रहित के लिए समर्पित कर दिया। उनका त्याग और संघर्ष भारतीय इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करना आवश्यक है।

लाल चंद शर्मा ने युवाओं से सरदार भगत सिंह के आदर्शों पर चलने तथा समाज में एकता, भाईचारे और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। सरदार गुरजिंदर सिंह ने कहा कि आज आवश्यकता है कि भगत सिंह के आदर्शों और विचारों को जीवन में अपनाया जाए तथा आने वाली पीढ़ी को उनके संघर्ष और बलिदान से परिचित कराया जाए।

कार्यक्रम के दौरान “शहीद भगत सिंह अमर रहें”, “देश के शहीद अमर रहें” और “भगत सिंह तेरा बलिदान, याद रखेगा हिंदुस्तान” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। उपस्थितजनों ने शहीद भगत सिंह के आदर्शों पर चलने तथा समाज में एकता, भाईचारे और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में प्रांतीय पंजाबी महासभा के हरीश नारंग, लाल चंद शर्मा, आशीष नागरथ, संतोख नागपाल, विजय कोहली, राजू गुलाटी, सुनील बांगा, गुरजिंदर सिंह, नरेश चंडोक, दीपक जेठी, अंकुर मल्होत्रा, सन्नी सेठी, हर्ष सूरी, राजेश खन्ना, मेजर सिंह, शानू सभरवाल, टोनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles