डिलीवरी बॉय की आड़ में स्मैक तस्करी, 22.81 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सेलाकुई पुलिस ने एक आरोपी को 22.81 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब साढ़े छह लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी डिलीवरी बॉय का काम करता था और सामान की डिलीवरी करने की आड़ में मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहा था।
पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर 2026 को थाना सेलाकुई पुलिस टीम क्षेत्र में आकस्मिक चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तेलपुरा स्थित जंगलात चौकी के पास पार्क से संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 22.81 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान कमल चौधरी उर्फ बॉबी पुत्र कटार सिंह, निवासी कुआंखेड़ा, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार, हाल निवासी राजावाला, सेलाकुई, देहरादून, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सेलाकुई में मुकदमा अपराध संख्या 147/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह डिलीवरी बॉय का काम करता है और बरामद स्मैक एक स्थानीय नशा तस्कर से खरीदकर लाया था। इसके बाद वह सामान की डिलीवरी की आड़ में स्मैक को नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था। पुलिस को पूछताछ के दौरान कुछ अन्य नशा तस्करों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिनके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमल चौधरी उर्फ बॉबी पुत्र कटार सिंह, निवासी कुआंखेड़ा, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार, हाल किरायेदार राजावाला, सेलाकुई, देहरादून, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्त से 22.81 ग्राम अवैध स्मैक, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.50 लाख रुपये है , बरामद की।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुमेर सिंह, कांस्टेबल वीर सिंह और कांस्टेबल मधुसूदन शामिल रहे।
