कुंभ-2027: शंकराचार्य चौक से देशरक्षक तिराहे तक 3.93 करोड़ से होगा सड़क और फुटपाथ निर्माण

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत शंकराचार्य चौक से कनखल थाना होते हुए देशरक्षक तिराहे तक मार्ग के नवीनीकरण, फुटपाथ निर्माण और अन्य कार्यों को लेकर मेला प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों से संवाद कर उनकी शंकाएं एवं सुझाव सुने।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर तय किया गया कि पूरी सड़क पर फुटपाथ निर्माण शुरू करने से पहले सड़क के एक हिस्से में रेज्ड फुटपाथ का नमूना तैयार किया जाएगा। इसके बाद स्थानीय लोगों की शंकाओं के समाधान और सुझावों को ध्यान में रखते हुए आगे का कार्य कराया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि कुंभ मेला से जुड़े सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से तृतीय पक्ष जांच की व्यवस्था की गई है। इस सड़क के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
शासन के निर्देशों के अनुसार कुंभ मेला से जुड़े निर्माण कार्यों में समयबद्धता, पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मेलाधिकारी सोनिका ने कार्यदायी संस्थाओं को स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं हितधारकों से निरंतर संवाद बनाए रखने, योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा कार्यों के क्रियान्वयन में उनका सहयोग लेने के निर्देश दिए हैं।
सभी निर्माण स्थलों पर योजना से संबंधित सूचना पट्ट लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। इन सूचना पट्टों पर स्वीकृत योजना का नाम, लागत, कार्य प्रारंभ एवं पूर्ण होने की तिथि तथा कार्यदायी संस्था का नाम अंकित किया जाएगा। मेलाधिकारी ने निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
शनिवार को कनखल क्षेत्र के पार्षदों द्वारा रामकृष्ण मिशन अस्पताल के निकट शुरू किए गए फुटपाथ निर्माण को लेकर उठाए गए मुद्दे का मेलाधिकारी सोनिका ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने मेला प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने भी पार्षदों से वार्ता कर कार्य की जानकारी दी और उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों के प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
इसके बाद मेला प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने कनखल क्षेत्र में पार्षदों और स्थानीय लोगों से वार्ता की। अधिकारियों ने रामकृष्ण मिशन अस्पताल के निकट कराए जा रहे फुटपाथ निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तथा सड़क नवीनीकरण एवं फुटपाथ निर्माण की पूरी योजना के संबंध में स्थानीय हितधारकों से विस्तार से चर्चा की।
उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह ने गुणवत्ता नियंत्रण के लिए मेला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर निगरानी रखने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि योजना पूरी होने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह और अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि शंकराचार्य चौक से कनखल थाना होते हुए देशरक्षक तिराहे तक करीब तीन किलोमीटर लंबे मार्ग के नवीनीकरण, फुटपाथ निर्माण और अन्य कार्यों के लिए शासन ने 3.93 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। योजना के तहत सड़क के किनारे दो किलोमीटर लंबाई में रेज्ड फुटपाथ और एक किलोमीटर लंबाई में लेवल फुटपाथ बनाया जाएगा। साथ ही वर्षा एवं अन्य पानी की निकासी के लिए समुचित व्यवस्था की जाएगी।
स्थानीय पार्षदों एवं अन्य लोगों ने पूरी सड़क पर फुटपाथ निर्माण से पहले एक हिस्से में नमूना तैयार करने, जल निकासी की उचित व्यवस्था करने, अस्पताल के निकट रेलिंग लगाने और सड़क मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया। अधिकारियों द्वारा इन सुझावों पर सहमति जताए जाने पर पार्षद भूपेन्द्र कुमार, सचिन अग्रवाल सहित अन्य लोगों ने संतोष व्यक्त किया और निर्माण कार्य में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
