दून बासमती की खेती को मिला नया विस्तार, 75 हेक्टेयर में लहलहाएगी फसल

दून बासमती की खेती को मिला नया विस्तार, 75 हेक्टेयर में लहलहाएगी फसल
Spread the love

देहरादून। दून बासमती के पुनर्जीवन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के बीच विकासनगर क्षेत्र के खेतों में लहलहाती फसल ने किसानों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने शनिवार को विकासनगर ब्लॉक के जस्सोवाला, ढकरानी, हरबर्टपुर और फतेहपुर ग्रांट गांवों का भ्रमण कर दून बासमती की फसल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने फसल की स्थिति, गुणवत्ता और उत्पादन की संभावनाओं का जायजा लेने के साथ किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं और अपेक्षाएं जानीं।

फसल कटाई से करीब एक माह पहले किए गए निरीक्षण के दौरान किसानों ने जैविक खेती में आ रही चुनौतियों, गुणवत्तापूर्ण बीज की समय पर उपलब्धता, फसल बीमा दावों के निस्तारण में देरी तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों की जानकारी सीडीओ को दी। इस पर उन्होंने कृषि विभाग को किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, गोष्ठियां और जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को वैज्ञानिक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी मिल सके।

जस्सोवाला गांव में आठ बीघा भूमि पर दून बासमती की खेती कर रहे किसान दिनेश गौड़ ने बताया कि इस किस्म की खेती में अपेक्षाकृत कम लागत आती है, जिससे किसानों में इसके प्रति उत्साह बढ़ रहा है। उन्होंने दून बासमती का उचित मूल्य निर्धारित कर किसानों से उपज की खरीद सुनिश्चित करने की मांग की।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि दून बासमती के पुनर्जीवन के प्रयासों के तहत पिछले वर्ष 65 हेक्टेयर क्षेत्र में इसकी खेती कराई गई थी। ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना के माध्यम से किसानों से सीधे उपज की खरीद की गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। इस वर्ष खेती का क्षेत्रफल बढ़ाकर 75 हेक्टेयर किया गया है।

उन्होंने बताया कि रीप के माध्यम से दून बासमती की खरीद कर ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ की मांग पूरी करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इससे किसानों को बाजार से जोड़ने और उनकी उपज के बेहतर विपणन में मदद मिलेगी।

किसानों द्वारा उचित मूल्य और प्रमाणित बीज की उपलब्धता से संबंधित समस्याएं उठाए जाने पर सीडीओ ने रीप तथा कृषि विभाग के अधिकारियों को दून बासमती का मूल्य शीघ्र निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रमाणित बीज की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तत्काल सीड बैंक तैयार करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के साथ उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हरबर्टपुर में दून बासमती की खेती कर रहे किसान सूर्य प्रकाश बहुगुणा ने सीडीओ को अपने अमूल्य निधि ऑर्गेनिक फार्म का भ्रमण कराया। सीडीओ ने फार्म में संचालित जैविक खेती की गतिविधियों, जैविक सब्जियों एवं अन्य उत्पादों के उत्पादन और प्रसंस्करण की जानकारी ली। उन्होंने जैविक नर्सरी, जैविक कंपोस्ट सहित अन्य गतिविधियों का निरीक्षण कर जैविक कृषि पद्धतियों की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा, खंड विकास अधिकारी विकासनगर सोनम गुप्ता, जिला परियोजना प्रबंधक अशोक चतुर्वेदी, प्रभारी अधिकारी वीबी-जी राम जी शक्ति प्रसाद भट्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और किसान मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles