राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर तक बढ़ी

देहरादून। शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से पिछड़े सामान्य वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर नवीन एवं पूर्व वर्षों के पात्र विद्यार्थियों के नवीनीकरण आवेदन तथा शैक्षणिक संस्थानों द्वारा ऑनलाइन सत्यापन की अंतिम तिथि अब 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि पात्र छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन पूरा कर सकते हैं। उन्होंने जनपद के सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों के निदेशक, प्राचार्य, संस्थाध्यक्ष एवं प्रधानाचार्यों से अपील की है कि अपने संस्थानों में अध्ययनरत सभी पात्र विद्यार्थियों का पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद छात्रवृत्ति आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन कर उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर जनपद स्तर पर अग्रसारित करना सुनिश्चित करें। छात्रवृत्ति योजना से कोई भी पात्र छात्र-छात्रा वंचित न रहे, इसके लिए सभी संबंधित संस्थानों को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने छात्र-छात्राओं से भी अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय से अपना आवेदन पूरा करें और आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित प्रक्रिया पूरी करें। संस्थानों को भी सत्यापन की प्रक्रिया समय से पूरी करने को कहा गया है, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।
